भिवानी। घंटाघर स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा से एक लाख रुपये की नकदी निकाल ऑटो में बैठकर घर जा रहे एक व्यक्ति के थैले से एक लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की शिकायत औद्योगिक पुलिस थाना में दी। पुलिस ने नकदी चोरी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
औद्योगिक पुलिस थाना में दी शिकायत में जगदीश प्रसाद शर्मा ने बताया कि बुधवार को उसने घंटाघर एसबीआई की मुख्य शाखा से अपने खाते में से एक लाख रुपये की नकदी निकलवाई थी। जिसके बाद बैंक के बाहर से वह एक ऑटो रिक्शा में सवार हो गया। इस ऑटो रिक्शा में दो महिलाएं और एक छोटा बच्चा पहले से ही सवार था। नकदी से भरा बैग उसने संभालकर रखा था। अग्रसेन चौक तक तो उसके बैग में रुपये सही सलामत थे, लेकिन जब वह बावड़ीगेट पर ऑटो रिक्शा से नीचे उतरकर एमसी कॉलोनी स्थित अपने घर जाने लगा तो उसके थैले से एक लाख रुपये की नकदी गायब हो गई। उसे शक है कि ऑटो में सवार महिलाओं ने उसके रुपये चोरी किए हैं। इस संबंध में औद्योगिक पुलिस थाना में शिकायत दी। पुलिस ने इस संबंध में नकदी चोरी का केस दर्ज किया है।