भिवानी। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी शहर में सफाई नहीं हुई और न ही कूड़े का उठान हुआ। शहर भर में करीब डेढ़ सौ टन कूड़े के ढेर लग गए। वहीं रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने धरना देकर नारेबाजी की। शनिवार को सफाई कर्मचारियों के धरने पर विधायक घनश्याम सर्राफ पहुंचे और उन्होंने मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने चुनावी आचार संहिता तक आंदोलन स्थगित करने का एलान किया। वहीं रविवार से शहर में कूड़ा उठान करने और सोमवार से शहर में सफाई का शुरू कराने की बात कही।
नगर परिषद के सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगा रहे हैं। नगर पालिका कर्मचारी यूनियन के नेता पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि सरकार से नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी थी, जिसके बाद सरकार ने जल्द कर्मचारियों की मांग पूरी किए जाने का वायदा किया था, लेकिन आजतक सरकार ने उनकी काेई मांग पूरी नहीं की।
पुरुषोत्तम दानव ने बताया कि 2017 से नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का करीब तीन करोड़ एरियर भी बकाया है। वहीं नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। कर्मचारियों के धरने पर पहुंचे विधायक घनश्याम सर्राफ ने आश्वासन दिया कि चुनावों के बाद कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा कराया जाएगा। इसके बाद कर्मचारियों का आंदोलन स्थगित कर दिया। सफाई कर्मचारी रविवार को शहर भर में लगे कूड़े के ढेर साफ कराएंगे वहीं सोमवार से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट पाएगी।
पार्क में लगाई कूड़े को आग
शहर के हुडा सेंट्रल पार्क में शनिवार को कूड़े के ढेर को आग लगा दी। इसकी वजह से आसपास के इलाके में काफी धुआं फैल गया। पार्क में भ्रमण के लिए आने वाले लोगों का दम भी धुएं की वजह से घुटने लगा। वहीं बच्चों के आंखों में धुएं की वजह से जलन होने लगी और उनका दम घुटने लगा। पार्क में काफी देर तक कूड़े के ढेर से धुआं उठता रहा। दरअसल पार्क के अंदर सफाई और कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में कूड़े के ढेर का उठान कराने की वजह उसके अंदर आग लगाई जा रही है। जिससे पार्क का वातावरण भी जहरीली हवा से घिर रहा है।