भिवानी। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों जहां 60 साल से अधिक आयु के लाभार्थियों को बूस्टर डोज लगानी शुरू की थी। वहीं अब 18 साल से अधिक आयु के लाभार्थियों को भी बुधवार से बूस्टर डोज की सुरक्षा शुरू कर दी है। बुधवार को जिलेभर में 179 लाभार्थियों ने बूस्टर डोज लगवाई है। हालांकि 73 बुजुर्गों ने भी अलग से बूस्टर डोज लगाई है। जिले में 852897 लाभार्थियों ने पहली, 787667 ने दूसरी डोज लगवाई है। इनके अलावा 10417 लाभार्थियों ने बूस्टर डोज लगवाई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी टीकाकरण अभियान के लिए प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण की व्यवस्था की हुई है। इनके अलावा अलग-अलग जगह पर शिविर भी आयोजित किए जाते है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन की डोज लगवानी काफी जरूरी है। इसी को लेकर मैंने वैक्सीन की दोनों डोज समय पर लगवाई हैं और अब बूस्टर डोज भी लगवाई है। बूस्टर डोज के लाभार्थियों से अपील है कि नजदीक टीकाकरण केंद्र में जाकर वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
- ऋषिकांत शर्मा, मिताथल।
कोरोना की चौथी लहर की संभावनाएं जताई जा रही है। ऐसे में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए वैक्सीन लगवानी जरूरी है। इसी कड़ी में वार रूम में पहुंचकर बूस्टर डोज लगवाई है। वैक्सीन के साथ ही कोरोना सुरक्षा नियमों का पालन करना अति आवश्यक है।
- उर्मिला देवी, बैंक कॉलोनी।
कोरोना वैक्सीन की डोज पूर्ण रूप से सुरक्षित है। दोनों डोज समय पर लगवाने के बाद बूस्टर डोज लगवाई है, जिसके बाद बेहतर महसूस हो रहा है। परिवार और परिचित जो भी वैक्सीन के लाभार्थी है उन्हें भी डोज लगवाने के प्रति प्रेरित किया है।
- राजेंद्र प्रसाद, बैंक कॉलोनी।
कोरोना संक्रमण की वजह से काफी परिवारों ने अपनों को खोया है और अब चौथी लहर की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता का बेहतर होना अति आवश्यक है। वैक्सीन की डोज पूर्ण रूप से सुरक्षित है। सभी इसमें अपनी भूमिका अदा करें।
- सूबे सिंह, दांग खुर्द।
कोरोना के चार मरीज हुए स्वस्थ, नहीं मिला नया संक्रमित
भिवानी। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण का कोई नया मरीज सामने नहीं आया है और सुखद समाचार यह है कि कोरोना संक्रमित चार मरीज स्वस्थ हुए है। इसके बाद जिले में कोरोना संक्रमण के कुल सक्रिय मरीज नौ रह गए हैं। इनमें से छह मरीज होम आइसोलेट है, जबकि तीन को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इनमें से दो को नागरिक अस्पताल और एक को गुरुग्राम में दाखिल करवाया है। बुधवार को कोरोना जांच के 670 सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब में भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट वीरवार सुबह तक आएगी। हालांकि कोरोना के 668 सैंपल की रिपोर्ट पहले से ही लंबित है।
कोरोना के सक्रिय मरीजों में से चार शहरी, जबकि पांच मरीज ग्रामीण क्षेत्र से है। सीएचसी धनाना, कैरू और मीरान में एक-एक संक्रमित है, जबकि सीएचसी मानहेरू में दो मरीज है। कोरोना की तीसरी लहर में 4090 संक्रमित मिले है, जिनमें से 4067 मरीज स्वस्थ हो चुके है। वहीं 14 संक्रमितों ने अपनी जान गवाई है।
वर्जन:
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार के निर्देशानुसार बुधवार से 18 साल से अधिक आयु के लाभार्थियों को बूस्टर डोज लगनी शुरू हो गई है। इसके लिए प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर व्यवस्था की हुई है। साथ ही जिले में अनेक जगह टीकाकरण शिविर भी लगाए गए है। नागरिकों से अपील है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीनेशन जरूर करवाएं। साथ ही अपने परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।