मुकाबले के दौरान ब्रिटेन के बॉक्सर को पंच जड़ते भारतीय मुक्केबाज मनीष कौशिक। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। ओलंपिक का दूसरे दिन छोटी काशी के लिए निराशाजनक रहा। दुनिया के छठी रैंक के बॉक्सर मनीष कौशिक के पंच भी पदक नहीं दिला पाए। रविवार को उनका मुकाबला ब्रिटेन के बॉक्सर मैक कॉरमैक के साथ था। ब्रिटेन के खिलाड़ी ने मनीष को 1.4 से हराया है। मनीष की हार की खबर सुनकर उसके परिजन, कोच और खेल प्रेमियों के चेहरे पर मायूसी छा गई।
जिले के गांव देवसर निवासी बॉक्सर मनीष कौशिक पहली बार ओलंपिक में शामिल हुए थे, मगर उनकी यह शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही राउंड में ब्रिटेन के बॉक्सर के पंच लगातार मनीष को पड़ते गए, मगर मनीष के पंच से विरोधी खिलाड़ी बचता नजर आया। इसकी वजह से पहला राउंड ब्रिटेन के खिलाड़ी के पक्ष में रहा। दूसरे राउंड में मनीष ने फुर्ती के साथ वापसी की और अच्छा प्रदर्शन किया। इस राउंड में मनीष ने ब्रिटेन के बॉक्सर को लगातार पंच जड़कर खेल में वापसी की। इसकी वजह से यह राउंड मनीष के खाते में गया।
पहले दो राउंड में एक-एक जीतने के बाद तीसरे और आखिरी राउंड में दोनों बॉक्सरों ने जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। इस बार मुकाबला काफी नजदीकी का रहा। मनीष और ब्रिटेन खिलाड़ी की बॉक्सिंग आक्रामक दिखी, जिसके कारण कई मौकों पर दोनों बॉक्सर एक-दूसरे पर झूलते दिखे। मनीष ने विरोध खिलाड़ी पर लगातार हमला किया और इस दौरान बेहतरीन पंच भी जड़े। अंतिम दौर में ब्रिटेन के खिलाड़ी ने खेल में वापसी करते हुए मनीष पर लगातार पंच जड़े और फैसला उसके पक्ष में चला गया।
पूजा 28 को अल्जीरिया की बॉक्सर से भिड़ेंगी
महिला बॉक्सर पूजा रानी बोहरा का मुकाबला 28 जुलाई को अल्जीरिया की मुक्केबाज इचार्क चैब के साथ होगा। पूजा बोहरा की साधा दूसरे राउंड में मुकाबला होगा। पूजा के कोच संजय श्योराण ने बताया कि पूजा देश ही नहीं बल्कि दुनिया के बेहतरीन बॉक्सर में से एक है। उसने खेल की शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन किया है। पूजा ने दो बार एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। कोच ने कहा कि ओलंपिक में भी अच्छे प्रदर्शन के साथ वह पदक जीतेंगी, हमें पूरा यकीन है।