भिवानी। लघु सचिवालय में बुधवार को भिवानी में जिलास्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आर्यन चौधरी ने बैंक प्रतिनिधियों को बैंक और एटीएम की सुरक्षा के निर्देश दिए।
उप पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बैंकों व एटीएम के साथ बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी प्रमुखता होनी चाहिए। अधिकारी सभी बैंकों और एटीएम पर गार्ड और सीसीटीवी कैमरे लगाने सुनिश्चित करें। समय-समय पर उनकी जांच करते रहे और अगर कोई कैमरा खराब हो जाए तो बिना देरी के उसकी मरम्मत करवाएं। सीसीटीवी का बैकअप अवश्य रखें।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी की डीवीआर की सेफ्टी सुनिश्चित करें। साथ ही डीवीआर के डेटा को ऑनलाइन भी सुरक्षित करें। जिस बैंक के साथ खाली प्लॉट लगते हैं। उस बैंक और खाली प्लॉट की नियमित तौर पर विशेष रूप से निगरानी की जाए ताकि दीवार तोड़कर चोरी की घटनाओं को समय रहते रोका जा सकें।
उप पुलिस अधीक्षक ने सभी बैंक अधिकारियों से सुरक्षा मानकों के बारे में पूछताछ की और कहा कि इस मौसम में बैंकों और एटीएम के पास पुलिस की अतिरिक्त पेट्रोलिंग करवाई जाएगी और पुलिस की तैनाती भी की जाएगी। बैंक और एटीएम पर लगे सुरक्षा गार्डों को अच्छे से ब्रीफ करें और साथ ही सुरक्षा गार्डों की पुलिस सत्यापन भी अवश्य करवाएं।
बैठक में आर्यन चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में किसान अपनी फसल को मंडियों में बेच रहे हैं इसलिए अगर अधिक कैश का लेनदेन जिले में एक स्थान से दूसरे स्थान पर होता है तो बैंक अधिकारी व कर्मचारी इसकी सूचना व सुरक्षा के लिए अपने संबंधित प्रबंधक थाना या चौकी इंचार्ज को इसकी सूचना अवश्य दें। बैठक में विजय चोपड़ा एचसीएस, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भिवानी आर्यन चौधरी, जिला सुरक्षा प्रभारी मनोज कुमार व जिले के बैंकों के अधिकारी व कर्मचारियों ने उपस्थित रहे।