भिवानी। सोमवार काे जिले में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने शहर के स्थानीय हालु बाजार स्थित गोमती गिरी अखाड़ा मंदिर में सामूहिक रूप से जलाभिषेक किया। आयोजन में पावन सानिध्य गोमती गिरी अखाड़ा के महंत और गोमठ लेघां के महंत बाल योगी राजनाथ महाराज का रहा।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रदीप बंसल ने बताया कि बीते दिनों नूंह मेवात में हुई ब्रज मंडल शोभा यात्रा को खंडित कर दिया था। इसे लेकर हिंदू महापंचायत में फैसला लिया गया कि 28 अगस्त को दोबारा से इस यात्रा को निकाला जाएगा। लेकिन प्रशासनिक मंजूरी न मिलने और मेवात में जी20 की बैठक होने के कारण फैसला लिया गया कि राज्य में जिलास्तर पर प्रत्येक जिले के अंदर जलाभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का हिंदू और हिंदू संगठनों के प्रति गलत रवैया है। बजरंग दल के प्रांत विद्यार्थी प्रमुख ललित बजरंगी ने कहा कि नूंह में हुई घटना सरकार की नाकामयाबी है। आज जितनी सीआईडी और पुलिस प्रशासन यहां तैनात है। इसका आधा भी अगर नूंह में तैनात होता तो यह घटना नहीं घटती। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी नाकामयाबी को छिपाने के लिए इस यात्रा के लिए मंजूरी नहीं दी। उन्होंने कहा कि जी 20 की बैठक तीन सितंबर को होनी है। जलाभिषेक कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष व्यक्त किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया।
रविवार देर शाम किया कार्यकर्ताओं को नजरबंद
रविवार देर शाम भिवानी जिले से विहिप बजरंगदल के कई कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर लिया गया। शहर में किसी प्रकार से कोई धार्मिक व सांप्रदायिक माहौल न बिगड़े। इसको लेकर कई कार्यकर्ताओं को घर से ही उठा लिया गया तो कई कार्यकर्ताओं को बाजार से ही नजरबंद कर लिया गया। नजरबंद किए कार्यकर्ताओं में जिला सह संयोजक बजरंगदल मनीष सोनी, जिला अखाड़ा प्रमुख राकेश पहलवान लोहानी, गोरक्षा प्रमुख बिजेंद्र नौरंगाबाद, प्रखंड संयोजक अजय बवानीखेड़ा, होशियार सिंह दिनोद, प्रदीप कुड़ल, मनजीत राणा, राजेश दिनोद, राहुल सिंगला सुई को सीआईए-1 और सीआईए-2 की और से नजरबंद किया गया था। जिन्हें सोमवार सुबह लगभग 11 बजकर 30 मिनट पर छोड़ा गया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि नूंह मेवात यात्रा में कोई कार्यकर्ता शामिल न हो और जिले में किसी प्रकार की कोई अशांति न फैले इसलिए कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया था।
-
कानून व्यवस्था के मद्देनजर सभी मंदिरों और मस्जिदों में पुलिस तैनात है। भिवानी में तीन कंपनियां तैनात की गई है। इसमें तीन इसंपेक्टर, दो डीएसपी और अन्य महिला व पुरुष कर्मचारी है। किसी भी हालत में शहर की शांति भंग नही होने दी जाएगी।
-निरीक्षक श्रीभगवान प्रभारी, बवानीखेड़ा पुलिस थाना।