बहल। बहल क्षेत्र के तीन गांवों में आमजन की सहूलियत के लिए सामुदायिक केंद्र बनाने के लिए मंजूरी मिली है। गांव मंढोली कलां, ओबरा व चैहड़ कलां गांव में करीब तीन-तीन करोड़ रुपये की लागत से इन सामुदायिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों के बनने से गांव के लोगों को विवाह सहित अन्य समारोह के लिए सुविधा मिल सकेगी।
इससे पहले भी बहल क्षेत्र के तीन गांवों (हरियावास, सेरला व सुधीवास) में ऐसे सामुदायिक भवनों का निर्माण हो चुका है। इन गांवों में लोगों की सुविधा को देखते हुए प्रदेश सरकार ने बहल क्षेत्र के तीन बड़े गांवों को सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए मंजूरी दी है। इन भवनों के निर्माण के बाद लोगों को विवाह, शादी सहित सामुदायिक तौर पर किसी कार्यक्रम के लिए सुविधा हो सकेगी। प्रत्येक सामुदायिक भवन पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत आएगी व करीब आठ महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। निर्माण के बाद इन भवनों को पंचायत के अधीन कर दिया जाएगा।
दो एकड़ भूमि पर तीन करोड़ से बनेगा सामुदायिक केंद्र
गांव मंढ़ोली कलां, ओबरा व चैहड़ कलां में बनने वाले सामुदायिक भवन के लिए मंजूरी मिल चुकी है। इनके लिए टेंडर प्रक्रिया होनी बाकी है। एक सामुदायिक भवन पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत आएगी और यह पंचायत की दो एकड़ जमीन में बनेगा। जनसंख्या के हिसाब से मंढोली कलां, ओबरा व चैहड़ कलां लोहारू हलके के बड़े गांवों में शुमार है और इन गांवों में इन भवनों के बनने से इन तीनों गांवों के लगभग 15000 लोगों को फायदा मिल सकेगा। पंचायत विभाग के एक्सईएन संभव जैन ने बताया कि सीएम एनाउंसमेंट में शामिल इन तीन भवनों की मंजूरी मिली है जिसके लिए शीघ्र ही टेंडर होंगे।
लोहारू विधानसभा के हर गांव में बेहतरीन सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है। हलके में नहरी पानी, सडक़, परिवहन, चिकित्सा, शिक्षा के अलावा हर क्षेत्र में ऐसी योजनाएं लागू की गई है। इससे लोगों को ज्यादा से ज्यादा और सीधा लाभ हो। तीन गांवों में पहले सामुदायिक केंद्र बनाए गए हैं और अब मंढोली कलां, चैहड़ कलां व ओबरा गांव में सामुदायिक केंद्र की मंजूरी मंजूर किए गए है जो शीघ्र बनकर तैयार हो जाएंगे।
- जयप्रकाश दलाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, हरियाणा।