भिवानी। इंग्लैंड के लिवरपूल में 4 से 14 सितंबर तक होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में कैप्टन हवासिंह बॉक्सिंग अकादमी की दो होनहार महिला मुक्केबाज नूपुर और पूजा बोहरा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। नूपुर 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में जबकि पूजा 80 किलोग्राम भार वर्ग में रिंग में उतरेंगी।
अकादमी महासचिव प्रीतम दलाल ने बताया कि हाल ही में जारी वर्ल्ड रैंकिंग में नूपुर पहले और पूजा दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों खिलाड़ियों के अब तक के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उनसे स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद है। भीम अवाॅर्डी कोच संजय श्योराण ने कहा कि नूपुर और पूजा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं। हाल ही में आयोजित वर्ल्ड कप में नूपुर ने स्वर्ण और पूजा ने रजत पदक हासिल किया था। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों मुक्केबाज इस चैंपियनशिप में भी देश का नाम रोशन करेंगी। इस मौके पर अकादमी अध्यक्ष डॉ. एलबी गुप्ता, कैप्टन बन्नी सिंह, सज्जन सहित खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।