तोशाम (भिवानी)। एक जनवरी को डाडम पहाड़ी पर हादसे के बाद चल रही गहमागहमी के बीच वीरवार को स्थिति सामान्य रही। मामले को लेकर गठित कमेटियां जांच में जुटी हैं। हालांकि प्राथमिक जांच में लापरवाही की बात सामने आ चुकी है, लेकिन अब सभी की नजर खान सुरक्षा विभाग गाजियाबाद की रिपोर्ट पर टिकी है। इसी के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ेगी।
डाडम पहाड़ी के दरकने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। हादसे की गूंज प्रदेश से केंद्र सरकार तक गूंजी। विगत पांच दिन में केंद्र और राज्य स्तर के अनेक अधिकारियों के साथ ही प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल, सांसद धर्मबीर सिंह, आप सांसद सुशील गुप्ता, अशोक तंवर आदि घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं।
बुधवार को विपक्ष के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और खनन कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सीबीआई से जांच की मांग की। वीरवार को भी एडीजीपी के दौरे की संभावना थी। हालांकि अपरिहार्य कारणों से उनका दौरा रद्द हो गया। वहीं, हादसे के छह दिन बाद स्थानीय विधायक किरण चौधरी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचेंगी। इसके साथ ही वह मृतक के परिजनों से भी मिलेंगी।
विभिन्न जांच कमेटियां मामले की जांच में जुटी हैं। इस संबंध में पुलिस की एसआईटी का नेतृत्व कर रहे सिवानी के डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि खान सुरक्षा विभाग गाजियाबाद की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ेगी। खान सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट का इंतजार है। खान सुरक्षा विभाग गाजियाबाद के डिप्टी डायरेक्टर जनरल सतीश दिगंबर चिदरवार ने कहा कि यह टेक्निकल मामला है। इसकी रिपोर्ट आने में थोड़ा समय लगेगा।