भिवानी। अब शहर में 35 हजार की आबादी को पेयजल लाइन में लीकेज और लो प्रेशर की समस्या से निजात मिल जाएगी। इसके लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने मुख्य जलघर से डीसी कॉलोनी बूस्टर तक करीब एक किलोमीटर लंबी सीमेंट की पाइप लाइन को बदलकर डीआई पाइप लाइन डाली है।
करीब 30 साल पहले विभाग ने सीमेंट की पाइप डाली थी, जो कई जगह से लीक हो जाती थी और लाइन में पानी का प्रेशर भी नहीं झेल पाती थी। अब नई डीआई पाइप लाइन डाले जाने से टेल तक पानी पहुंचेगा। इससे डीसी कॉलोनी, बिजली बोर्ड कर्मचारी रिहायशी कॉलोनी सहित राजकीय आईटीआई के आसपास के रिहायशी कॉलोनियों को फायदा मिलेगा।
महम रोड मुख्य जलघर से भीम स्टेडियम रोड होते हुए डीसी कॉलोनी बूस्टर तक आठ इंची एसी (सीमेंट पाइप) की पेयजल लाइन विभाग ने करीब 30 साल पहले डाली थी। सीमेंट की ये लाइन अब जर्जर होने के साथ लीकेज की वजह भी बन रही थी। इसकी जगह आठ इंची डीआई पाइप डाली गई है। करीब एक किलोमीटर दायरे में डीआई पाइप लाइन डाली गई है।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो इस पाइप लाइन को रविवार से ही चालू कर दिया जाएगा। शुरुआत में इस लाइन की टेस्टिंग होगी, फूल प्रेशर पर जांचने के उपरांत इस लाइन को नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति में काम लिया जाएगा। इसी के साथ सीमेंट पाइप की आठ इंची पेयजल लाइन को भी विभाग ने बंद कर दिया है।
अवैध पेयजल कनेक्शनों की वजह से पूरा शहर झेल रहा परेशानी
भिवानी शहर में 75 फीसदी आबादी अवैध पेयजल कनेक्शनों की वजह से परेशानी झेल रही है। शहर के अंदर करीब 55 हजार अधिकृत पेयजल कनेक्शन हैं, जबकि एक लाख से अधिक अवैध पेयजल कनेक्शन अवैध हैं। ये अवैध कनेक्शन शहर की बूस्टर की मुख्य लाइनों से लेकर कॉलोनी की पेयजल लाइनों में किए हुए हैं। इसकी वजह से लाइन में लीकेज, गंदे पानी की मिक्सिंग और लो प्रेशर की दिक्कतें आ रही हैं। लाइन में अत्यधिक पेयजल कनेक्शनों की वजह से ही टेल के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
मुख्य जलघर से डीसी कॉलोनी बूस्टर तक एसी की आठ इंची पाइप लाइन की जगह डीआई पाइप डाली गई है। करीब एक किलोमीटर पाइप लाइन डालने पर करीब 22 लाख रुपये का बजट खर्च हुआ है। इस लाइन को रविवार से ही चालू कर दिया जाएगा। पुरानी सीमेंट लाइन में कई जगह लीकेज और लो प्रेशर की दिक्कत थी। मगर नई लाइन में अब ऐसी कोई परेशानी नहीं होगी।
-सचिन तलेजा, कनिष्ठ अभियंता, शहरी पेयजल शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, भिवानी।