भिवानी। नगर परिषद अब शहर के मुख्य रास्तों पर बने डिवाइडरों के बीच पाम के पेड़ लगाएगा। इसके लिए नगर परिषद कार्यालय में पाम के पेड़ों की बड़ी मात्रा में खेप पहुंच चुकी है। नगर परिषद ने दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई पर अग्रसैन चौक से नया बस स्टैंड क्षेत्र होते हुए हुन्नामल प्याऊ तक डिवाइडर पर पाम के पेड़ लगाने का काम शुरू किया है। रोहतक रोड पर डिवाइडर के बीच पाम के पेड़ लगाए जाने के बाद इन रास्तों पर शहर में आने पर सुंदरता का अहसास होगा।
दरअसल नगर परिषद भिवानी की ओर से शहर के मुख्य रास्तों पर करोड़ों रुपयों के बजट से सुंदरीकरण का काम किया जाएगा। इसमें शहर के अग्रसैन चौक से हुन्नामल प्याऊ क्षेत्र तक के मार्ग का सुंदरीकरण होगा। इसमें सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ भी बनेंगी वहीं डिवाइडर पर भी पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। इसी तरह हांसी रोड पर भी जूई नहर पुलिया तक के मार्ग का सुंदरीकरण किया जाएगा। वहीं लोहारू रोड पर भी सुंदरीकरण भिवानी-घग्घर ड्रेन तक किया जाएगा। हालांकि शुरुआत में नगर परिषद शहर के मुख्य मार्गों के बीच बने डिवाइडरों पर पाम के पेड़ लगाने का काम शुरू किया है। ये पेड़ कम पानी में भी जिंदा रहेंगे और डिवाइडर की सुंदरता को बढ़ाएंगे।
रोहतक रोड पर हुन्नामल प्याऊ क्षेत्र तक हाईवे के डिवाइडर पर पाम के पेड़ लगाने का काम शुरू किया गया है। नगर परिषद द्वारा शहर के सभी मुख्य मार्गों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में पाम के पेड़ लगाए जा रहे हैं ताकि शहर हरा भरा और सुंदर दिखाई दे। अन्य मार्गों के सुंदरीकरण का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। शहरवासियों से भी अपील की जा रही है कि वे अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।
-भवानी प्रताप सिंह चेयरपर्सन प्रतिनिधि नगर परिषद भिवानी।