अब जल्द ही भिवानी जिले के 342 राशन डिपो पर चीनी और सरसों का तेल पहुंचेगा। इसके बाद उसका बीपीएल पात्र परिवारों को वितरण शुरू कराया जाएगा। दरअसल, अमर उजाला ने 12 नवंबर के अंक में सरकारी राशन डिपो पर चीनी और सरसों तेल वितरण नहीं होने पर डिपो पर चल रहा सरकारी राशन का खेल, बीपीएल पात्रों के घर नीं जलेगा दीये में तेल शीर्षक के साथ समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद अब खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मुख्यालय की ओर से चीनी और सरसों तेल का आवंटन जारी किया गया है। इसके बाद इसी सप्ताह से सरकारी राशन डिपो पर चीनी और तेल की सप्लाई शुरू हो जाएगी। इसके बाद इसका वितरण शुरू होगा।
भिवानी जिले में एक लाख 70 हजार से अधिक बीपीएल पात्र परिवार हैं। जिन्हें हर माह राशन डिपो पर मुफ्त में गेहूं और 40 रुपये कीमत पर दो लीटर सरसों तेल के साथ साढ़े 13 रुपये प्रति किलो चीनी दी जा रही है। नवंबर में बाजरा वितरण का भी सरकार ने फैसला वापस ले लिया था, जिसे अब दिसंबर में गेहूं के साथ बीपीएल पात्रों को मुफ्त में बाजरे का वितरण होगा। इसका आवंटन भी अभी नहीं आया है। फिलहाल नवंबर का चीनी और सरसों तेल का आवंटन जारी हो गया है। इसका मीलों से उठान इसी सप्ताह से शुरू हो जाएगा। ये राशन सरकारी डिपो पर पहुंचने के बाद इनका पॉश मशीनों से वितरण किया जाएगा। नवंबर में बीपीएल परिवारों को प्रति सदस्य पांच किलोग्राम गेहूं मुफ्त मिलेगा। जबकि अंत्योदय परिवारों को 35 किलोग्राम प्रति राशन कार्ड गेहूं मुफ्त दिया जाएगा।
उज्जवला गैस कनेक्शन के प्रति भी विभाग कर रहा जागरूक
उज्जवला गैस कनेक्शन के प्रति भी खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारी बीपीएल पात्र परिवारों को जागरूक कर रहा है। जिन बीपीएल परिवारों के पास कोई गैस कनेक्शन नहीं है। ऐसे बीपीएल पात्र परिवारों को नजदीकी गैस एजेंसी से उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त में गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इस योजना के प्रति भी ऐसे बीपीएल परिवारों को चिह्नित किया जा रहा है जो अब तक गैस कनेक्शन से महरूम हैं।
नवंबर माह का चीनी और सरसों तेल का आवंटन मुख्यालय से हो चुका है। इस आवंटन के तहत सरकारी राशन डिपो पर इसी सप्ताह से राशन की सप्लाई शुरू हो जाएगा। इसका वितरण भी साथ-साथ कराया जाएगा। नवंबर में बीपीएल पात्र परिवारों को गेहूं मिलेगा और 40 रुपये में दो लीटर सरसों तेल और साढ़े 13 रुपये में एक किलो चीनी दी जाएगी। दिसंबर से गेहूं के साथ बाजरे का आवंटन भी जारी होगा।
-मुकेश कुमार, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, भिवानी।