भिवानी। सेवानिवृत्त कर्मचारियों तक पेंशन का लाभ पहुंचाने के लिए समय-समय पर संबंधित विभाग की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाए जाते हैं। लेकिन कई बार सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीवन प्रमाण पत्र बनवाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इन्ही परेशानियों से निजात दिलाने के लिए डाक विभाग ने जीवन प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा भी शुरू की है।
भिवानी डाक अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि डाक विभाग ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को यह सुविधा दी है कि वे अपना जीवन प्रमाण पत्र अपने नजदीकी डाक घर में बना सकता है। यह प्रक्रिया भी काफी सरल है और सेवानिवृत्त कर्मचारी अपना अंगूठा लगाकर मात्र 10 मिनट में अपना जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकता है, जिसकी फीस विभाग द्वारा 70 रुपये निर्धारित की गई है।
इसके लिए कर्मचारी का आधार कार्ड, विभाग की ओर से जारी किया जाने वाला पीपीओ नंबर एवं मोबाइल फोन साथ लाना होगा। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य यही है कि किसी भी सेवानिवृत्त कर्मचारी को अपनी पेंशन मिलने में किसी प्रकार की बाधा का सामना ना करना पड़े।