भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अब जुलाई में फिर से परीक्षाएं आयोजित कराएगा। इन परीक्षाओं में विद्यार्थी इम्प्रूवमेंट, कंपार्टमेंट और अतिरिक्त विषय की परीक्षाएं दे सकेंगे। दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 37,324 परीक्षार्थियों का कंपार्टमेंट आया हुआ है। यानि कोई एक तो कोई दो विषयों में फेल है। ये विद्यार्थी अब जुलाई में री-अपीयर की परीक्षाएं दे सकेंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की फरवरी और मार्च की वार्षिक परीक्षा में दसवीं का 65.43 फीसदी तो बारहवीं का 81.65 फीसदी परीक्षा परिणाम रहा है। अकेले दसवीं की परीक्षा में 37,342 परीक्षार्थियों का कंपार्टमेंट आया है, जबकि सैकड़ों ऐसे विद्यार्थी हैं, जिनके पसंदीदा विषयों में मनचाहे अंक नहीं आए हैं। अब ये विद्यार्थी अगली परीक्षा में फिर से अपनी क्षमता दिखाकर अच्छे अंक लाने की तैयारी में जुटे हैं। इन विद्यार्थियों के लिए शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने साल में दो बार यानि जुलाई और सितंबर में परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है। जुलाई में होने वाली परीक्षा में कंपार्टमेंट, इम्प्रूवमेंट और अतिरिक्त विषय की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जबकि सितंबर में ओपन परीक्षाएं होंगी। इसमें इस साल परीक्षा नहीं दे पाने वाले विद्यार्थी भी अपना साल बचा सकते हैं और बोर्ड परीक्षा में सभी विषयों की परीक्षाएं दे सकते हैं।
शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने जुलाई में फिर से परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है, जिसमें इम्प्रूवमेंट, कंपार्टमेंट और अतिरिक्त विषय की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित शुल्क के साथ फीस जमा कराकर परीक्षा दे सकेंगे। इसके बाद सितंबर में फिर ओपन स्कूल की परीक्षाएं होंगी। इसमें भी सभी विषयों के साथ परीक्षार्थी परीक्षा देकर अपना साल बचा सकते हैं।
-डॉ वीपी यादव अध्यक्ष हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।