भिवानी। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में मुक्केबाजी, कुश्ती, एथलेटिक्स के साथ अब भारोत्तोलन के खिलाड़ी भी अपना दमखम दिखाएंगे। साई ने 80 सीटों से बढ़ाकर 110 सीट किए जाने की भारतीय खेल प्राधिकरण मुख्यालय को सिफारिश भेजी है।
साई के भिवानी प्रशिक्षण केंद्र में फिलहाल 80 सीटें हैं, जिनमें मुक्केबाजी, कुश्ती और एथलेटिक्स के खिलाड़ी ही प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं, जबकि नए खेल भारोत्तोलन को भी अब शामिल किए जाने की तैयारी चल रही है। इसकी मंजूरी मिलते ही 20 खिलाड़ी भारोत्तोलन में भी अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही 10 सीटें एथलेटिक्स के बढ़ाने की भी तैयारी है। इसके लिए साई भिवानी प्रशिक्षण केंद्र की तरफ से 30 सीटों को बढ़ाकर 110 सीट किए जाने की सिफारिश भी भारतीय खेल प्राधिकरण को भेजी है। साई में मुक्केबाजी, कुश्ती और एथलेटिक्स खेल में उभरते खिलाड़ियों की पौध तैयार हो रही है। इनकी हाल ही में राष्ट्रीय और अंतर राष्ट्रीय स्तर पर भी उपलब्धियां साई के साथ जुड़ी हैं।
भारतीय खेल प्राधिकरण का भिवानी प्रशिक्षण केंद्र खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने में जुटा है। फिलहाल केंद्र के अंदर मुक्केबाजी, कुश्ती की 30-30 और एथलेटिक्स खिलाड़ियों की 20 सीटें हैं। यानी साई में 80 खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं के लिए अपने खेल हुनर को निखार रहे हैं।
भिवानी साई में 110 खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की क्षमता है। यहां पर इससे अधिक खिलाड़ी भी खेल अभ्यास कर सकते हैं, जिसके खेल संसाधन भी फिलहाल यहां मौजूद हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए साई ने नए खेल की 30 सीटों का मसौदा भी भारतीय खेल प्राधिकरण को भेजा है, जिसमें भारोत्तोलन की 20 सीटें और एथलेटिक्स की 10 सीटें शामिल किए जाने की सिफारिश की है। भारोत्तोलन खिलाड़ियों के लिए यहां प्रशिक्षण की सुविधाएं भी मुहैया हैं। मंजूरी मिलने के बाद यहां कोच की व्यवस्था हुई तो भारोत्तोलन में भिवानी के खिलाड़ी देश की झोली में पदकों की झड़ी लगाएंगे। संवाद
---
एथलेटिक्स की दस सीट घटाने पर आपत्ति आई तो पीछे खिंचे प्राधिकरण ने कदम
भिवानी प्रशिक्षण केंद्र में एथलेटिक्स की 20 सीट हैं। लेकिन प्राधिकरण ने भारोत्तोलन के नए खेल को शामिल करते हुए दस सीट एथलेटिक्स की घटा दी। जिस पर यहां दस ही एथलेटिक्स की सीट रह गई और नई दस सीट भारोत्तोलन की दी गई। जिस पर भिवानी केंद्र ने आपत्ति जताते हुए अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद प्राधिकरण ने भी अपने कदम पीछे खिंचने पड़े। क्योंकि एथलेटिक्स खिलाड़ियों का कोटा घटाए बगैर भारोत्तोलन की 20 नई सीटों की सिफारिश की थी, जबकि प्राधिकरण ने नई सीट बढ़ाए बगैर ही पहले वाले कोटे को घटाकर नए खेल के खिलाड़ियों को शामिल करने की कोशिश की, मगर यह मसौदा सिरे नहीं चढ़ा।
---
ये है साई के खिलाड़ियों की हाल की उपलब्धियां
- ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी एमडीयू में मुक्केबाजी में आरती ने गोल्ड जीता।
- हिना ने साउथ एशियन क्रास कंट्री चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता।
- कुलदीप चौधरी ने खेलो इंडिया यूथ जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीता।
- सीमा ने नॉर्थ यूनिवर्सिटी ऑल इंडिया में सील्वर मेडल जीता।
- मुक्केबाज रमन ने यूथ एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता।
- मुक्केबाज सुमित ने चेन्नई में हुई नेशनल मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीता।
- मुक्केबाज प्रिया व लक्ष्मी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता।
- सागर ने सीनियर कुश्ती फेडरेशन कप में कांस्य पदक जीता।
- राहुल ने 57 किलो में सीनियर फेडरेशन कुश्ती कप में कांस्य पदक जीता।
- साहिल ने 71 किलो भार वर्ग के सब जूनियर रैंकिंग व सब जूनियर नेशनल कुश्ती में कांस्य पदक जीता।
- प्रिया ने लॉग जंप में नॉर्थ जोन नेशनल में गोल्ड मेडल जीता।
- विकास ने जूनियर एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप की 300 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।
---
साई के भिवानी खेल प्रशिक्षण केंद्र में भारोत्तोलन के खिलाड़ियों की 20 सीटों की सिफारिश भारतीय खेल प्राधिकरण को भेजी गई है। एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का पहले से 20 सीटों का निर्धारित कोटा बरकरार रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद भारोत्तोलन के प्रशिक्षक की व्यवस्था होगी और भारोतोलन के खिलाड़ी भी यहां राष्ट्रीय व अंतर राष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए तैयार किए जाएंगे। इसके साथ 10 सीटें एथलेटिक्स की बढ़ाने के लिए भी सिफारिश की है।
- कुलदीप सिंह, इंचार्ज भारतीय खेल प्राधिकरण भिवानी प्रशिक्षण केंद्र।