भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यापक पात्रता परीक्षा के तीनों लेवल में इस बार प्रदेशभर के 22 जिलों में 2,52,028 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जबकि पिछले साल 3,05,718 परीक्षार्थियों ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की अध्यापक पात्रता परीक्षा दी थी। इस बार पिछले साल के मुकाबले एचटेट देने वाले 42,254 परीक्षार्थियों की संख्या कम हो गई है। इसकी वजह हरियाणा सरकार द्वारा अध्यापकों के रिक्त पदों पर भर्ती नहीं निकाला जाना माना जा रहा है। फिलहाल बोर्ड ने अब एचटेट के एक ही लेवल में दो बार आवेदन करने वाले अभ्यार्थियों से भी स्पष्टीकरण मांगा है। इसके बाद एक आवेदन को रद्द किया जाएगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा दो और तीन दिसंबर को होगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 11 नवंबर तक एचटेट में आवेदन मांगे थे। इसके बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की एचटेट तीनों लेवल की परीक्षा में 2,52,028 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पिछले साल के मुकाबले 42,254 परीक्षार्थी कम हैं। पहले हुए एचटेट के बाद हरियाणा सरकार की तरफ से अध्यापकों की कोई भर्ती नहीं निकाली गई है। जिस कारण भी एचटेट के प्रति परीक्षार्थियों का रुझान कम हुआ है। बोर्ड द्वारा आयोजित 2021 में एचटेट परीक्षा में 1,87,000 परीक्षार्थी थे।
-
78 परीक्षार्थियों ने एक ही लेवल में भर डाला दो बार आवेदन, अब देना होगा स्पष्टीकरण
एचटेट परीक्षा को लेकर बोर्ड ने ऑनलाइन आवेदनों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसके बाद 78 परीक्षार्थियों के एक ही लेवल में दो बार आवेदन किए जाने के मामले पकड़ में आए हैं। इन आवेदकों को अब बोर्ड को स्पष्टीकरण देना होगा। इसके बाद इनके एक आवेदन को रद्द किया जाएगा। अगर जवाब संतोषजनक नहीं है तो दोनों आवेदन भी रद्द हो सकते हैं। जबकि पिछले साल 768 परीक्षार्थियों ने एक ही लेवल में दो बार आवेदन किए थे। इस बार बोर्ड की सतर्कता बढ़ी को डबल आवेदन के मामलों में भी कमी आई है।
-
20 दिन के अंदर जारी होगा परीक्षा का परिणाम
बोर्ड की एचटेट का इस बार भी 20 दिन के अंदर ही परीक्षा परिणाम भी घोषित किया जाएगा। जबकि पिछली बार रिकाॅर्ड समय परीक्षा के दो सप्ताह बाद रिजल्ट घोषित किया गया था। इस बार भी बोर्ड प्रशासन जल्द से जल्द रिजल्ट देने की तैयारियों में भी जुटा है।
जिन परीक्षार्थियों ने एचटेट के एक ही लेवल में दो आवेदन किए हैं। उन्हें 19 नवंबर तक ईमेलआईडी assplexambseh.org.in पर बोर्ड कार्यालय में अपना स्पष्टीकरण भेजना अनिवार्य होगा। इसके बाद किसी भी स्पष्टता पर विचार नहीं होगा और आवेदन रजिस्ट्रेशन बोर्ड की तरफ से रद्द कर दिया जाएगा। दो और तीन दिसंबर को बोर्ड परीक्षा होगी। इसका तय समय में बोर्ड द्वारा नतीजे भी घोषित किए जाएंगे।
- डॉ. वीपी यादव, अध्यक्ष, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।
.