भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं का शेड्यूल अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार इस बार परीक्षार्थियों के मूल विद्यालय से दो किलोमीटर के दायरे में ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पूरे प्रदेश में कुल 5, 21,795 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड के शेड्यूल के अनुसार 25 फरवरी से बारहवीं की परीक्षा शुरू होगी जिसमें पहला पेपर अंग्रेजी विषय का होगा जबकि 26 फरवरी को दसवीं की गणित विषय की पहली परीक्षा आयोजित की जाएगी। नकल रोकने के उद्देश्य से इस बार उत्तर पुस्तिकाओं पर पहली बार बार कोड दिया जाएगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी डेटशीट के अनुसार दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं एक ही सत्र में दोपहर साढ़े 12 बजे से साढ़े तीन बजे तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षार्थियों के मूल विद्यालय से दो किलोमीटर के दायरे में ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए शहर तक नहीं जाना पड़ेगा और वे नजदीकी सरकारी या निजी विद्यालय में गठित केंद्रों पर ही परीक्षा दे सकेंगे। मार्च-2025 की वार्षिक परीक्षाओं में दसवीं के लिए 2 लाख 78 हजार 334 और बारहवीं के लिए 2,43,461 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे। पिछले वर्ष की तुलना में दसवीं में 6,835 और बारहवीं में 49,633 अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। इस प्रकार बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में कुल 5,21, 795 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए तिथि पत्र
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक, मुक्त विद्यालय एवं डीएलएड (री-अपीयर) परीक्षाओं का तिथि पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर अपलोड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सेकेंडरी शैक्षिक नियमित, मुक्त विद्यालय, री-अपीयर, सीटीपी, अंक सुधार व अतिरिक्त विषय की परीक्षाएं 26 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक संचालित होंगी। सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक नियमित, मुक्त विद्यालय, सीटीपी, कंपार्टमेंट, री-अपीयर, अंक सुधार व अतिरिक्त विषय की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होकर एक अप्रैल तक करवाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त डीएलएड (री-अपीयर) की परीक्षाएं भी 25 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेंगी।
दो फरवरी से होंगी सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी की प्रायोगिक परीक्षाएं
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित की जाने वाली सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं दो फरवरी से 16 फरवरी तक सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर ढाई बजे तक आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सीनियर सेकेंडरी के भौतिकी, रसायन शास्त्र एवं जीव विज्ञान विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं बोर्ड द्वारा नियुक्त बाह्य परीक्षकों के माध्यम से करवाई जाएंगी। शेष विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं संबंधित विद्यालयों में उसी विषय को पढ़ाने वाले नियुक्त प्रवक्ताओं द्वारा करवाई जाएंगी। सेकेंडरी (शैक्षिक) नियमित परीक्षार्थियों की सभी प्रायोगिक विषयों की परीक्षाएं संबंधित विद्यालयों में नियुक्त अध्यापकों द्वारा ही करवाई जाएंगी। सीनियर सेकेंडरी नियमित के भौतिकी, रसायन शास्त्र एवं जीव विज्ञान विषयों की प्रायोगिक परीक्षाओं के निरीक्षण कार्य के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों व परीक्षकों को बोर्ड द्वारा उनकी ड्यूटी की सूचना एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी।