हांसी। उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल ने मंगलवार को जिला सचिवालय परिसर में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों को 2 दिन के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. नरवाल ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर अधिकारियों का कहना है कि उन्हें बैठक के बारे में पूर्व में जानकारी नहीं थी।
डीसी ने बताया कि प्रशासन की तरफ से नगर परिषद के कार्यों की नियमित समीक्षा, शहर में साफ-सफाई, विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं की निगरानी के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह एक निर्धारित बैठक आयोजित की जाती है। इन बैठकों में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है ताकि कार्यों की प्रगति का सही आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकें।
उन्होंने कहा कि मंगलवार की बैठक में नगर परिषद के ईओ और सचिव बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जबकि केवल सफाई निरीक्षक उपस्थित थे। यह प्रशासनिक कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। डॉ. नरवाल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा न हो और निर्धारित बैठकों में समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार सख्त निगरानी कर रहा है।
-
मैं किसी कार्य से चंडीगढ़ कोर्ट में था। मुझे बैठक की जानकारी नहीं मिली। बैठक के बारे में आदेश को लेकर कर्मचारियों से पूछूंगा। - राजेंद्र सोनी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद।
समीक्षा बैठक के बारे में जानकारी नहीं मिली थी। मैं पिछले सोमवार व मंगलवार को भी अवकाश पर थी। - अंजल वायू, सचिव, नगर परिषद।