भिवानी। जिले में ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों के ठीक होने की रफ्तार लगातार तेज हो रही है। सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र से तीन कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं। इसके बाद जिले के तोशाम और जमालपुर सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गए। इससे पहले कैरू और लोहारू सीएचसी कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुकें हैं। वहीं लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया और न ही किसी कोरोना संक्रमित की मौत हुई है।
अप्रैल-मई में कोरोना संक्रमण ने ग्रामीण क्षेत्र में रफ्तार पकड़ ली थी। उस दौरान शहर के मुकाबले गांव में दो से तीन गुना कोरोना के मरीज सामने आ रहे थे। मगर अब स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता अभियान और प्रशासन के सहयोग से कोरोना संक्रमण पर लगाम लग रही है। सोमवार को तोशाम सीएचसी से दो और जमालपुर से एक संक्रमित ठीक हो गया। इसके बाद दोनों सीएचसी क्षेत्र कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गए। इससे पहले पिछले सप्ताह ही सीएचसी कैरू और लोहारू कोरोना से मुक्त हो चुके हैं। जिले में फिलहाल 11 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से शहर से सात और ग्रामीण क्षेत्र से चार मरीज हैं। ग्रामीण क्षेत्र में सीएचसी धनाना से एक, मानेहरू से दो और मीरान से एक मरीज हैं।
जिले में अब तक की स्थिति
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना की जांच केे लिए अब तक कुल 324637 सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए। इनमें से 22371 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 300847 की रिपोर्ट नेगिविट रही। वहीं 21711 मरीज स्वस्थ हो गए और 649 की मौत हो गई। साथ ही जिले में 11 सक्रिय केस हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 790 सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट मंगलवार दोपहर बाद आएगी। वहीं 570 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।
नियमों का पालन करें
कोरोना संक्रमण के मामले लगातार कम हो रहे हैं और कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र से महज चार सक्रिय केस हैं। वही जिले की चार सीएचसी कैरू, लोहारू, तोशाम और जमालपुर कोरोना मुक्त हो चुके हैं। जिले के पांच मरीज अस्पताल में आइसोलेट हैं। इनमें से जिले में एक और बाकी चार अन्य जिलों में उपचार ले रहे हैं। नागरिकों से अपील है कि कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन।