भिवानी। पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज में मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने के लिए इंटरनेट नेटवर्किंग का काम शुरू हो गया है। परिसर में तारों का जाल बिछाकर सभी विभागों को इंटरनेट से जोड़ा जाएगा जिससे चिकित्सकों, कर्मचारियों को नेटवर्क की परेशानी से निजात मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज के नए भवन का शिलान्यास जुलाई 2017 में हुआ था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई 2026 को इसका उद्घाटन किया था। करीब 600 बेड की क्षमता वाले इस मेडिकल कॉलेज में विभिन्न विभाग स्थापित किए गए हैं और रेलवे रोड स्थित भवन में ओपीडी भी संचालित हो रही है। करीब छह महीने से ओपीडी में मरीजों को कंप्यूटराइज्ड पर्ची दी जा रही है लेकिन संबंधित चिकित्सक के पास उसका विवरण प्रदर्शित नहीं हो रहा है।
मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से चिकित्सकों को मरीजों के एक्सरे व्हाट्सएप पर देखने के लिए भवन से बाहर आना पड़ता था। बंद भवन के अंदर किसी भी मोबाइल कंपनी का नेटवर्क काम नहीं करता जिससे फोन पर बात करना भी मुश्किल होता है। इंटरनेट नेटवर्किंग का काम पूरा होने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
रोजाना ओपीडी में पहुंच रहे करीब 1500 मरीज
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में रोजाना करीब 1500 मरीज पहुंच रहे हैं। उनके साथ तीमारदारों के अलावा चिकित्सक और कर्मचारी भी परिसर में रहते हैं। नेटवर्क नहीं होने से मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान परेशानी होती है। नेटवर्किंग शुरू होने से परिसर में संचार सुविधा बेहतर होगी।
पांच मंजिला इमारत में वाईफाई की सुविधा भी मिलेगी
मेडिकल कॉलेज की पांच मंजिला इमारत में इंटरनेट नेटवर्किंग के साथ ब्रॉडबैंड सेवाएं भी शुरू की जा रही हैं। इसके तहत मरीजों और कर्मचारियों को वाईफाई की सुविधा मिलेगी। प्रत्येक तल पर इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए तार बिछाए जा रहे हैं जिससे पूरे परिसर में इंटरनेट का इस्तेमाल आसान होगा।
मेडिकल कॉलेज के लिए बनेगा अलग बूस्टिंग स्टेशन
मेडिकल कॉलेज की पांच मंजिला इमारत में पानी की आपूर्ति के लिए अलग बूस्टिंग स्टेशन बनाने की योजना है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रस्ताव भेजा है। स्वीकृति मिलने के बाद विभाग टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी कर बूस्टिंग स्टेशन व पाइपलाइन का निर्माण कराएगा। फिलहाल मेडिकल कॉलेज परिसर में नेहरू पार्क बूस्टिंग स्टेशन से पेयजल और पानी की आपूर्ति की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज परिसर में इंटरनेट नेटवर्किंग के अलावा अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। यहां मोबाइल नेटवर्क की बड़ी समस्या रही है लेकिन नेटवर्किंग का काम पूरा होने के बाद इस परेशानी से निजात मिलेगी। - धीरज परिहार, निदेशक, पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज, भिवानी।