नगर परिषद कार्यालय में पहुंची चार नई फोगिंग मशीनों के साथ भवानी प्रताप व अन्य।
भिवानी। नगर परिषद के पास बुधवार देर शाम को चार नई फॉगिंग मशीनें आईं। इसके बाद शहरी दायरे में बढ़ रहे डेंगू मामलों पर रोकथाम के प्रबंध करने का काम शुरू होगा।
नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने वार्ड पार्षदों के साथ नई फॉगिंग मशीन आने पर सभी वार्डों में जल्द से जल्द फॉगिंग कराए जाने का आश्वासन दिया।भवानी प्रताप सिंह ने कहा कि नगर परिषद के पास पहले भी दो फॉगिंग मशीनें थीं, लेकिन वार्ड पार्षदों की डिमांड पर चार नई फॉगिंग मशीनें मंगवाई हैं। इन मशीनों को वार्डों में फॉगिंग कार्य पर लगाया जाएगा। ताकि डेंगू के मामलों पर अंकुश लगाया जा सके।
दरअसल, शहरी दायरे में फॉगिंग का जिम्मा नगर परिषद के पास है। वहीं फॉगिंग में प्रयोग होने वाली दवा स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुहैया कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग भी शहरी दायरे में फॉगिंग कराए जाने के संबंध में काफी बार निर्देश दे चुका है। नई मशीनों केे आने से फॉगिंग का काम भी अब तेजी से संभव हो पाएगा।
नगर परिषद के पास चार नई फॉगिंग मशीनें आई हैं, जिनका प्रयोग शहरी वार्डों में फॉगिंग कराने के लिए किया जाएगा। जिन हिस्सों में लोगों की डिमांड फॉगिंग के लिए आएगी या जिन हिस्सों में डेंगू संभावित मरीज मिल रहे हैं, उन हिस्सों में प्राथमिकता के आधार पर फॉगिंग कराई जाएगी।
- भवानी प्रताप सिंह चेयरपर्सन प्रतिनिधि नगर परिषद भिवानी।