मुंढाल। मेहनत कभी बेकार नहीं जाती इस कहावत को क्षेत्र की बेटी और मुंढाल गांव की बहू सरिता ने सच कर दिखाया है। हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित परीक्षा परिणामों में सरिता का चयन सहायक प्रोफेसर (भूगोल) के पद पर हुआ है। एक ही वर्ष में यह उनकी दूसरी बड़ी उपलब्धि है जिससे उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इससे पहले वर्ष 2025 में भी उनका चयन हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से पीजीटी भूगोल के पद पर हुआ था। एक ही विषय में दो राजपत्रित पदों पर चयन उनकी विषय पर मजबूत पकड़ और शैक्षणिक योग्यता को दर्शाता है।
मूल रूप से गांव पहाड़ी निवासी वीरेंद्र पहाड़ी की पुत्री सरिता का विवाह मुंढाल खुर्द निवासी विकास रोहिल्ला के साथ हुआ है। उनके पति विकास भी शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हैं और वर्तमान में अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। साथ ही वे अपनी पीएचडी पूरी कर रहे हैं।
सरिता ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और ससुराल पक्ष, विशेषकर अपने पति विकास के निरंतर सहयोग को दिया है। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और इरादे मजबूत हों तो कोई भी बाधा आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।