भिवानी। प्रदेश के बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जियो फेंसिंग लोकेशन आधारित उपस्थिति लगाने के गैरकानूनी आदेश को वापस नहीं लिया गया और लंबित मांगों पर अमल नहीं हुआ, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
यह बात बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन की राज्य प्रधान शर्मिला देवी, महासचिव सहदेव आर्य, वित्त सचिव धर्मवीर और उपप्रधान सुदेश रानी ने संयुक्त रूप से कही। उन्होंने बताया कि महानिदेशक डॉ. कुलदीप सिंह ने हाल ही में सभी सिविल सर्जनों को पत्र जारी कर केवल महिला एमपीएचडब्ल्यू को जियो फेंसिंग लोकेशन आधारित उपस्थिति लगाने के लिए बाध्य किया है। इससे प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मचारियों में गहरा रोष है।
एसोसिएशन नेताओं ने बताया कि विरोधस्वरूप राज्यभर में जिला स्तरीय कन्वेंशन आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत 11 अगस्त को हिसार और नारनौल, 23 अगस्त को रोहतक और पलवल, 30 अगस्त को भिवानी और पानीपत, 6 सितंबर को जींद और अंबाला में कन्वेंशन होंगे। वहीं 13 सितंबर को झज्जर और सिरसा, 20 सितंबर को कैथल और फरीदाबाद, 27 सितंबर को करनाल और चरखी दादरी, 4 अक्तूबर को रेवाड़ी और पंचकूला, 11 अक्तूबर को कुरुक्षेत्र और यमुनानगर, 18 अक्तूबर को सोनीपत और फतेहाबाद तथा 25 अक्तूबर को मेवात और गुरुग्राम में कन्वेंशन होंगे।
इन कन्वेंशनों के दौरान विधायक और सांसदों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। उन्होंने सरकार को आगाह किया कि यदि तब भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आगामी बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी।