भिवानी। युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को भिवानी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पुष्प वाटिका से शुरू होकर हनुमान ढाणी चौक से होती हुई हनुमान जोहड़ी मंदिर में संपन्न हुई। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार और बालयोगी महंत चरणदास महाराज ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और शहर की मुख्य सड़कों पर देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा। महंत चरणदास महाराज ने बताया कि यह साप्ताहिक कार्यक्रम 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है जिसका उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और उन्हें समाज व राष्ट्र के उत्थान के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा के बाद छोटी काशी भिवानी की परिक्रमा, मातृ शक्ति सम्मान, जिला स्तरीय योग कार्यक्रम, हर घर तिरंगा अभियान, नशा मुक्ति शपथ, यज्ञ और पौधरोपण जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. पवन कुमार ने कहा कि देश की आजादी में अनेक वीर सपूतों ने प्राणों की आहुति दी है। तिरंगा यात्रा उन्हीं शहीदों की गौरवगाथा और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है जिससे युवा राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित होते हैं।
भाजपा नेता राहुल नरेंद्र शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति समर्पण का प्रतीक है, जो युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। इस अवसर पर अनिल सोलंकी, पवन सैनी, राजकुमार सैनी, अंकुर जैन सीए, प्रमोद वर्मा, दलबीर आचार्य, धर्मवीर दहिया, निहाल सिंह, विक्रम कांगड़ा, सुनील, हरीश, भूपेश और धीरज मौजूद रहे।