रेल अंडरपास महापंचायत जीतुवाला के अनुरोध पर शनिवार को सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ महापंचायत प्रधान लाला पहलवान ने सांसद को अवगत करवाया कि पूरे क्षेत्र की सीवरेज लाइन ठप हो गई है। विभाग के अधिकारियों को बहुत बार शिकायत कर चुके हैं। मगर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा।
लोगों ने कहा कि पुल के लिए खोदे गए गड्ढे से आने जाने का रास्ता गत दो महीने से बंद है और काम भी नहीं किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों को बहुत परेशानी हो रही है। सांसद धर्मबीर सिंह ने मौके पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को सख्त आवश्यक निर्देश दिए और स्पष्ट रूप कहा कि 31 मार्च तक ओवरब्रिज निर्माण कार्य को पूरा करना है। महापंचायत ने दिनोद रोड को बनवाने की मांग पर सांसद के समक्ष रखी। इस पर सांसद ने आश्वासन दिया कि जितना हो सके जल्दी ही रोड को आरसीसी का बनवाया जाएगा। लाइन पार क्षेत्रवासियों ने सांसद धर्मवीर सिंह का स्वागत और अभिनंदन किया। इस मौके पर पार्षद शिवकुमार गोठवाल, अनिल कुमार पार्षद प्रतिनिधि, अशोक यादव, रोहतास वर्मा, कुलदीप सिंह तंवर, मास्टर रमेश कुमार भानगढ़, ओमपाल चौहान, राजबीर सिंह फौजी, कृष्ण परमार, रविन्द्र हपली,लाल सिंह राजपूत, रामपाल सिंह, भोपाल सिंह सोनी मौजूद रहे। संवाद