भिवानी। जिला बार एसोसिएशन चुनाव की राजनीति से जिले में नए राजनीतिक समीकरण भी बनेंगे, क्योंकि सत्यजीत पिलानिया ने राजनीति के धुरंधरों के नजदीकियों को बार चुनावों में धूल चटाकर चौथी बार लगातार जीत दर्ज की है। सत्यजीत पिलानिया ने पिछले बार चुनावों में एक राज्यसभा सांसद के भतीजे को हराया था, जबकि इस बार पूर्व शिक्षा मंत्री के भांजे को ही पटखनी दी है।
विज्ञापन
सत्यजीत की जीत भले ही बार चुनावों में अप्रत्याशित नतीजे लेकर आई हैं, लेकिन इसका प्रभाव जिले की राजनीति पर भी पड़ने वाला है। सत्यजीत पिलानिया कांग्रेस की कद्दावर नेता किरण चौधरी के खेमे से हैं। जबकि इस चुनावों में सत्ता पक्ष के पूर्व मंत्री और मंत्री तक की ताकत उन्हें हराने में जुटी थी। मगर बावजूद इसके उन्होंने जीत दर्ज की, इस बार की जीत भले ही मामूली वोट से रही हैं, मगर यह जीत कई मायने में राजनीतिक बदलाव में सार्थक रहेगी। दरअसल, नगर परिषद उप प्रधान पद और अब पेमेंट अप्रूवल कमेटी चुनावों में भी कांग्रेस का पलड़ा भारी बना है। ऐसे में बार चुनाव जीत के बाद अब विधानसभा की राजनीतिक सुगबुगाहट तेज हो गई है। वहीं नवनियुक्त जिला बार प्रधान सत्यजीत पिलानिया का शनिवार को कई जनसंगठनों की ओर से अभिनंदन किया गया और उन्हें लगातार चौथी बार जीत की भी बधाई दी गई।
नए साल में नई उम्मीदों से भरा रहेगा बार का काम
नवनियुक्त जिला बार प्रधान एडवोकेट सत्यजीत पिलानिया ने अपनी जीत के अनुभवों का साझा करते हुए कहा कि इस बार उनका सीधा मुकाबला सत्ता पक्ष के कद्दावर नेताओं के नजदीकी लोगों से था, जबकि पिछले साल भी उनका ऐसा ही पाला पड़ा था। लेकिन अब उनका फोक्स बार के कल्याण कार्याें पर रहेगा। उन्होंने बताया कि नए साल में करीब नौ करोड़ के बजट से 200 अधिवक्ता नए चैंबर्स का निर्माण होगा। इसकी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसी के साथ अधिवक्ता चैंबर्स में लिफ्ट सिस्टम को विकसित कराकर उसे यथा शीघ्र चालू कराया जाएगा। इसी के साथ नए अधिवक्ताओं के लिए सीटिंग प्लान पर भी काम होगा।