हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र जांचते महाविद्यालय
भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के तहत बुधवार को भिवानी शहर के 19 परीक्षा केंद्रों पर एक ही सत्र में पीजीटी लेवल-3 की परीक्षा आयोजित की गई जिसमें 5,800 से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा में शामिल होने से पहले अभ्यर्थियों को बॉयोमीट्रिक हाजिरी, मेटल डिटेक्टर जांच और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सुरक्षा प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जिसके बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा आरंभ होने से दो घंटे पहले ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई जिसके चलते कई केंद्रों पर महिला अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गईं। इंटरनेट की धीमी गति के कारण बॉयोमीट्रिक हाजिरी में कई केंद्रों पर व्यवधान भी रहा जिससे केंद्रों के बाहर भीड़ भी देखी गई। सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और पेट्रोलिंग टीमें लगातार निगरानी करती रहीं। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई इस दौरान बालों की क्लिप और गहने तक उतरवाए गए।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने शहर के कई परीक्षा केंद्रों का दौरा किया और बताया कि परीक्षा को पारदर्शी ढंग से आयोजित करने के लिए शिक्षा बोर्ड कार्यालय में एक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है जिसमें 48 एलसीडी स्क्रीनों के जरिए निगरानी की गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दो दिन बाद उत्तर कुंजी (आंसर की) जारी कर दी जाएगी और अगस्त के तीसरे सप्ताह में परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। 7 व 8 अगस्त को परीक्षार्थियों से आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी।
पुलिस की रही सख्त निगरानी
एसएचओ शहर थाना निरीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी परीक्षार्थियों को जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया है, और लगातार पेट्रोलिंग टीमें निगरानी पर थीं।
पिछले वर्ष के अंत में होनी थी परीक्षा
गौरतलब है कि एचटेट पहले नवंबर-दिसंबर 2024 में आयोजित होनी थी लेकिन कुछ कारणों के चलते यह परीक्षा जुलाई में कराई गई। परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों को लेकर इस बार बोर्ड की व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं।