बहल। कस्बे के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में 15 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाली अलख क्रिकेट प्रतियोगिता एपीएल सीजन-8 का रविवार को शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में राजस्थान के मिठी रेहडू गांव की टीम ने बहल को हराकर पहला मैच अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में छह पूलों में कुल 48 टीमों को शामिल किया गया है। शुभारंभ अवसर पर पूर्व सरपंच एवं भाजपा नेता गजानंद अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि अलख आश्रम के महंत विकास गिरी महाराज और थाना प्रभारी संजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि गजानंद अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है। खेल जहां शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक है, वहीं यह प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी मजबूत करता है, जो जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए जरूरी है।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेहतरीन मंच प्रदान करती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर अनेक खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर पहचान बनाई है। उन्होंने आयोजकों को अपनी ओर से 1 लाख 21 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। थाना प्रभारी संजय कुमार और महंत विकास गिरी महाराज ने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों से जुड़े रहने और अपनी ऊर्जा देशहित व समाज की भलाई में लगाने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के पहले दिन बहल और राजस्थान के मिठी रेहडू गांव की टीमों के बीच मुकाबला हुआ जिसमें मिठी रेहडू विजयी रही। खिलाड़ी प्रमोद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा तोशाम और बीरण गांव के बीच हुए मैच में तोशाम की टीम विजेता रही। गंगवा और गेहली के बीच मुकाबले में गंगवा की टीम जीती, जबकि मिरान और मिठी गांव के बीच हुए मैच में मिरान ने जीत दर्ज की। दूसरे राउंड में गंगवा और मिठी रेहडू के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें गंगवा की टीम विजयी रही। विजेता टीमों का अतिथियों ने उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर ईश्वर, सतपाल, योगेश शर्मा, श्यामसुंदर शर्मा और मुन्ना तिवारी मौजूद रहे।