भिवानी। अमेरिका से लौटे भारतीयों के दल में भिवानी जिले के गांव मिताथल निवासी 24 वर्षीय विक्रांत भी शामिल हैं। उन्हें लेने के लिए उनका मौसेरा भाई अमृतसर गया है। फिलहाल सोमवार सुबह तक विक्रांत के गांव पहुंचने की उम्मीद है।
मिताथल निवासी मुकेश सिवाच गांव में ही खेतीबाड़ी करते हैं। विक्रांत का छोटा भाई गांव में ही रहकर पढ़ाई कर रहा है। मुकेश ने बताया कि उनका बेटा विक्रांत 26 जनवरी को ही अमेरिका गए थे। तब से उनसे संपर्क नहीं हो सका था। उनके पास शनिवार को फोन आया था कि विक्रांत को वापस लाया जा रहा है। इसके बाद उन्हें लेने के लिए उनका मौसेरा भाई अमृतसर गया है। परिजनों को इस बात की भी जानकारी नहीं है कि विक्रांत अमेरिका में किस हाल में रहे। उन्हें वापस लाने के लिए किन चुनौतियों से गुजरना पड़ा। फिलहाल परिजन विक्रांत के घर आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।