लोहारू। लोहारू शहर में शरारती तत्वों द्वारा आए दिन तोड़फोड़ की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है और पुलिस कथित रूप से मूकदर्शक बनी हुई है। पहले दिन रात को कृष्ण होटल के शीशे तोड़े जाते हैं और दूसरे दिन रात को सूरजगढ़ रोड पर हवली होटल के शीशे चटकाए जाते हैं। लगातार तीसरे दिन तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम देते हुए मोटरसाइकिल सवार तीन-चार युवकों ने बीती रात शहर के सिंगला अस्पताल, हवेली होटल और नगरपालिका चेयरमैन के भतीजे की कार सहित तीन कारों के शीशे तोड़कर फरार हो गए। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार युवकों का पीछा भी किया, लेकिन गलियों में चकमा देकर फरार हो गए। बहरहाल लगातार हो रही तोड़फोड़ की घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है और व्यापारमंडल सहित सभी व्यापारियों ने इन बदमाशों पर शीघ्र शिकंजा कसने की मांग की है।
लोगों के अनुसार लोहारू शहर में इन दिनों शराब के अलावा दूसरे किस्म के नशे का व्यापार बढ़ रहा है और इस नशे की गिरफ्त में ज्यादातर 20 से 30 वर्ष के युवा हैं, जो अपराध की ओर अग्रसर हैं। यहीं माना जा रहा है कि ये नशे के आदि युवा लोहारू शहर में दहशत फैलाकर लोगों में खौफ पैदाकर अपनी वर्चस्व बढ़ाना चाहते हैं। सिंगला अस्पताल के मालिक डॉ. पुनीत सिंगला ने कहा कि वे हर मरीज को आपातकालीन सुविधा के तत्पर रहते हैं लेकिन बीती देर रात मोटरसाइकिल सवार दो-तीन युवकों ने लाठी डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उनके अस्पताल के शीशे तोड़े और चिल्लाते हुए फरार हो गए। जिसकी उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी थी। इसके बाद इन युवकों ने सूरजगढ़ रोड पर लगातार दूसरे दिन हवेली होटल के बाहरी हिस्से में लगे शीशों को तोड़ डाला। बाद में इन युवकों ने पुराना शहर में नपा चेयरमैन के भतीजे प्रवीण कुमार की गाड़ी के शीशे तोड़ डाले और उसके पास ही विकास नामक युवक की गाड़ी पर भी प्रहार किया। यहीं नहीं इन युवकों ने बाद में भिवानी रोड पर भी एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी एक कार के शीशे चटका दिए।
-------------------
गुस्साए लोगों ने थाना प्रभारी से मिलकर की कार्रवाई मांग
सिंगला अस्पताल और होटल सहित कई वाहनों की सीसे तोड़े जाने की घटना से नाराज व्यापार मंडल के प्रधान धनपत सैनी, संजय खंडेलवाल, बंटी तायल, निरंजन तायल, कमलेश भोड़ूका, राधाकृष्ण, राजकुमार अग्रवाल, प्रेम सोनी, रामकिशन जांगिड़, नपा चेयरमैन, विकास कुमार सहित शहर के अनेक लोगों ने गुरूवार सुबह थाना परिसर में थाना प्रभारी विद्यानंद से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। लोगों ने कहा कि रात को पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और रात्रि में तोड़फोड़ करने वाले शरारती तत्वों को शीघ्र गिरफ्तार ्िया जाना चाहिए। भाजपा नेता कमलेश भोड़ूका की एसएचओ विद्यानंद से बहस भी हुई।
--------------------
नशे का कारोबार रोकने में आम जनता करे पुलिस की मदद: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी विद्यानंद ने कहा कि लोहारू शहर में अस्पताल, होटल और कारों के शीशे तोड़ने वाले शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की और कहा कि लोगों को चाहिए कि वे सजग रहें। सब्जी मंडी में नशे का कारोबार करने वाली एक महिला को उन्होंने सूचना मिलते ही काबू किया था। इसी प्रकार लोगों का सहयोग जरूरी है, तभी अपराधों को रोका जा सकेगा।