भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2021-2022 के लिए मिडिल स्तर के अराजकीय अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों की संबद्धता के लिए निजी विद्यालयों से डाटा भरवाने के लिए प्रोफार्मा निर्धारित किया है। संबंधित विद्यालय मुखिया बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर एक फरवरी से अपलोड किए गए प्रोफार्मा में ऑनलाइन संपूर्ण विवरण भरने के उपरांत डाउनलोड करके निर्धारित तिथियों अनुसार मूल रिकॉर्ड के साथ बोर्ड के अध्यापक भवन में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह, उपाध्यक्ष वीपी यादव एवं सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि संबद्धता के लिए विद्यालयों से डाटा भरवाने के लिए जिला सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र व पानीपत के लिए एक फरवरी, जिला हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी-दादरी,जींद व रेवाड़ी के विद्यालयों के लिए दो फरवरी, जिला पलवल, यमुनानगर, गुरुग्राम, नूंह, झज्जर एवं महेंद्रगढ़ के लिए तीन फरवरी और शेष जिलों करनाल, अंबाला, पंचकूला, सोनीपत व फरीदाबाद के लिए चार फरवरी निर्धारित की है।