गांव दांग खुर्द में जलभराव क्षेत्रों का दौरा करती सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी।
तोशाम । सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि बरसाती पानी की निकासी के लिए मास्टर प्लान तैयार कर स्थायी समाधान किया जाएगा। शुक्रवार को उन्होंने गांव दांग खुर्द, दांग कलां, सागवान, बीरण और बापोड़ा में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को अतिशीघ्र समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
श्रुति चौधरी ने कहा कि तोशाम विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। गांवों में करोड़ों रुपये की लागत से कई विकासपरक परियोजनाएं चल रही हैं और इनमें किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और विकास कार्यों का पैसा सही जगह पर ही खर्च होना चाहिए।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बरसाती पानी से फसलें खराब हो गई हैं और दांग कलां व सागवान की बाहरी बस्तियों में पानी घुस आया है। मंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में पेयजल की समस्या है वहां टैंकरों से स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए और जलघरों को साफ कर उनमें स्वच्छ पानी डाला जाए।
सिंचाई मंत्री ने कहा कि जलभराव से बीमारियां फैलने का खतरा रहता है इसलिए गांवों व खेतों में सफाई और दवा का छिड़काव कर स्थायी समाधान किया जाए। गांव बीरण में लड़कियों के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पानी घुसने के बाद कक्षाएं बाबा बुढ़ा मंदिर के हाल में चल रही थीं। इस पर श्रुति चौधरी ने छात्राओं से मुलाकात कर स्कूल से तुरंत पानी निकालने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसीलाल के समय बनी नहरों और माइनरों का जीर्णोद्धार करवाया जा रहा है ताकि पानी की समस्या न हो। उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है, जिससे पात्र व जरूरतमंद परिवारों को घर बैठे सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना खर्च व बिना पर्ची नौकरियां मिलें। दौरे के दौरान उपायुक्त साहिल गुप्ता, एसडीएम रवि मीणा, डीआरओ सुशील शर्मा, बीडीपीओ सोमबीर कादयान, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता ओपी बिश्नोई आदि मौजूद रहे।