बहुचर्चित मनीषा मौत मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए हरियाणा सरकार ने औपचारिक रूप से यह केस केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया है। सरकार की ओर से सीबीआई को पत्र लिखकर पूरी कार्रवाई कर दी गई है। भिवानी पुलिस द्वारा अब तक जुटाए गए जांच के तथ्य और रिपोर्ट सीबीआई को सौंपने की तैयारी हो चुकी है। मनीषा का डीएनए और तीसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस पूरे मामले की जांच में अहम साबित होगी। हरियाणा पुलिस की अधूरी पड़ताल को अब सीबीआई आगे बढ़ाकर इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी खोलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 20 अगस्त को अपने ट्वीट में इस केस को सीबीआई को सौंपे जाने की घोषणा की थी।
11 अगस्त को लापता हुई थी मनीषा
लोहारू उपमंडल के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 वर्षीय प्ले स्कूल की शिक्षिका मनीषा 11 अगस्त को अचानक घर से लापता हो गई थी। इसके बाद 12 अगस्त की शाम को लोहारू थाना पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया। अगले ही दिन 13 अगस्त की सुबह सिंघानी नहर के पास क्षत-विक्षत हालत में उसका शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना गया और अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज हुआ। इसके बाद जिला नागरिक अस्पताल, भिवानी में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पहले पोस्टमार्टम में विसरा और 10 तरह के सैंपल सुरक्षित किए गए।