भिवानी। मनीषा मौत मामले में भिवानी पहुंची सीबीआई की टीम की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। लगातार दूसरे दिन टीम स्थानीय रेस्ट हाउस में ठहरी रही और जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। बुधवार को पूछताछ के लिए कुछ लोगों को रेस्ट हाउस बुलाए जाने की चर्चाएं भी रहीं।
दिल्ली से पहुंचे सीबीआई अधिकारी घटना स्थल सिंघानी भी पहुंचे और मामले से जुड़े तथ्यों को दोबारा खंगालने में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि इस बार टीम में उच्चाधिकारी भी शामिल हैं जो पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर विभिन्न कड़ियों को आपस में जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मनीषा 11 अगस्त से लापता थी और 13 अगस्त को उसका शव सिंघानी नहर के पास मिला था। अब तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। तीन सितंबर से सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार दिल्ली से भिवानी पहुंचने के बाद सीबीआई अधिकारियों ने अभी तक मनीषा के परिजनों से संपर्क नहीं किया है और न ही वे मनीषा के घर पहुंचे हैं। जांच एजेंसी विभिन्न पहलुओं पर तथ्य जुटाने में लगी हुई है।