रूद्रा कॉलोनी में तोशाम रोड के बिच धसा शिविर।
भिवानी। भिवानी-तोशाम मुख्य मार्ग पर रुद्रा कॉलोनी के समीप मुख्य सड़क पर सीवर लाइन धंस गई है। इसकी वजह से सीवर मैनहोल भी खुला पड़ा है। यहां हादसों का अंदेशा भी बना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को शिकायतों के बाद भी न तो समाधान हुआ है न यहां हादसा संभावित जगह पर कोई सुरक्षा की गई है। क्षेत्र के लोगों ने ही खुले व धंसे हुए सीवर मैनहोल के हिस्से पर झाड़ियां डाल दी हैं ताकि कोई वाहन चालक यहां दुर्घटनाग्रस्त होने से बच सके।
दरअसल, तोशाम रोड पर जूई नहर पुलिया तो पीडब्ल्यूडी ने फोरलेन का काम कराया था। मुख्य सड़क पर ही गहरी सीवर लाइन भी है। रुद्रा कॉलोनी के सामने मुख्य सड़क पर सीवरलाइन पिछले एक सप्ताह से धंसी हुई है। यहां एक सीवर मैनहोल धंस गया है। इसका ढक्कन भी गटर के अंदर ही गिर गया है। रात के समय यहां दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस संबंध में सीवरेज शाखा के अधिकारियों को भी शिकायत दी है, लेकिन कोई संज्ञान अभी तक नहीं लिया है। तोशाम बाईपास पर दिनभर में यहां काफी भारी वाहन गुजरते हैं। धंसे हुए हिस्से की वजह से वाहनों के दुर्घटना ग्रस्त होने का भय भी बना रहता है।
वहीं शहरी सीवरेज शाखा के एसडीओ सूरज प्रकाश ने बताया कि मामला अभी तक संज्ञान में नहीं है। अगर सीवर लाइन क्षतिग्रस्त है तो उसे चेक कराकर उसका समाधान कराया जाएगा।