हत्या के बाद मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम घटनास्थल का जायजा लेते हुए। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। दिवाली की रात को जब पूरा शहर अपने परिवार के साथ खुशियां मना रहा था, ठीक उसी समय सब्जी मंडी पुलिस चौकी से महज 25 कदम दूर एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं, मृतक की शनाख्त नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
भिवानी के रोहतक रोड सब्जी मंडी के सामने हनुमान मंदिर की दीवार के साथ ही खाली जगह पर रखे तख्त पर एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ राहगीरों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। शुक्रवार सुबह डीएसपी हेडक्वार्टर वीरेंद्र सिंह, औद्योगिक पुलिस थाना एसएचओ रणबीर सिंह, सीआईए और साइबर सेल एवं एफएसएल का दस्ता मौके पर पहुंचा। मृतक के पास एक छोटा मोबाइल फोन भी मिला। फोन में राजस्थान के सीकर जिले की सरोज नामक महिला से काफी बार बातें होने की कॉल डिटेल मिली है। मृतक कोट पेंट पहने हुए था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह बहुरूपिया था। वारदात स्थल पर पुलिस को अभी तक हत्या में इस्तेमाल कोई हथियार, ईंट या पत्थर भी नहीं मिला है, जिससे की यह अंदाजा लगाया जा सके कि आखिर हत्या किस चीज से की गई है। मृतक के पास कुछ रोटियां, दाल और नींबू के साथ प्याज की सलाद भी मिली है। इससे यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले मृतक ने किसी के साथ बैठकर शराब पी थी। जिसके बाद किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा, जिसमें तैश में आकर किसी ने उसकी हत्या कर दी। मृतक की आसपास के लोगों से भी काफी पूछताछ कराकर शनाख्त का प्रयास किया, लेकिन कोई नहीं पहचान सका। फिलहाल औद्योगिक पुलिस थाने की टीम ने शव को नागरिक अस्पताल पहुंचा दिया, जहां उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा और शनाख्त होने तक उसे डेड हाउस में रखवाया जाएगा।
जांच की जा रही है
प्रारंभिक जांच में ही मामला हत्या का है। सिर में कान के पीछे किसी भारी चीज से चोट मारकर उसकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है, जल्द ही हत्या की इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
- रणबीर सिंह, एसएचओ औद्योगिक थाना भिवानी।