लोहारू। 75 वर्षीय बुजुर्ग को मदद और दवाई दिलाने के बहाने सुनसान जगह ले जाकर मारपीट कर बाइक छीनने के मामले में लोहारू पुलिस ने आरोपी दीपक निवासी बवानीखेड़ा को करीब 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को ढिगावा के पास नहर से पकड़ा और बवानीखेड़ा से छीनी गई बाइक बरामद कर पीड़ित से आरोपी की पहचान करवाई।
गांव गोठड़ा निवासी 75 वर्षीय बलबीर सोमवार को दवाई लेने के लिए लोहारू स्थित ईसीएचएस आए थे। देवीलाल चौक के पास अचानक बाइक से गिरने पर आरोपी दीपक ने उनकी मदद करने और दवाई दिलाने की बात कही। इसके बाद वह बुजुर्ग को बाइक पर बैठाकर दवाई दिलाने ले गया।
दवाई लेने के बाद आरोपी किसी बहाने से बुजुर्ग को पिलानी रोड की तरफ ले गया। कूड़ेदान के पास पहुंचने पर उसने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपी उनकी बाइक लेकर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने विभिन्न टीमों को जांच में लगाया।
करीब 24 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को ढिगावा के पास नहर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पीड़ित बुजुर्ग को मौके पर बुलाकर आरोपी की पहचान करवाई गई। पुलिस ने बवानीखेड़ा से वारदात में छीनी गई बाइक भी बरामद कर ली।
आरोपी के मेडिकल के बाद होगी निशानदेही
मामले के जांच अधिकारी सत्यनारायण ने बताया कि आरोपी का मेडिकल करवाया जाएगा। इसके बाद उसकी निशानदेही करवाई जाएगी और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।