भिवानी। शहर की ऐतिहासिक माल रोड के नवीनीकरण का कार्य अब शुरू होने जा रहा है। इसके लिए नगर परिषद ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को भीम स्टेडियम में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस ड्रीम प्रोजेक्ट का ऑनलाइन शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन के लिए नगर परिषद कार्यालय के बाहर शिलान्यास पत्थर लगाया जाएगा।
करीब 5.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क को बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। हिसार और रोहतक की एजेंसियां इस कार्य को अंजाम देंगी। परियोजना में सराय चौपटा से लेकर घंटाघर और रेलवे जंक्शन तक का क्षेत्र शामिल है।
नगर परिषद ने इस प्रोजेक्ट को ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ का नाम दिया है। इसके तहत सड़क के दोनों ओर फुटपाथ का नवीनीकरण, विक्टोरियन डिजाइन की लैंप लाइटों की स्थापना, डिवाइडर पर पौधारोपण, बैठने की सुविधाएं, नवीनतम स्ट्रीट लाइट सिस्टम, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था, और वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान विकसित किए जाएंगे।
नगर परिषद की ओर से एक विस्तृत नक्शा भी तैयार किया गया है, जिसके अनुसार करीब 0.75 किलोमीटर क्षेत्र पूरी तरह से आधुनिक स्वरूप में बदलेगा। स्थानीय लोगों और व्यापारियों को इस परियोजना से शहर की सुंदरता और सुविधाओं में बेहतरी की बड़ी उम्मीद है।