भिवानी। पहले नवरात्र पर मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की पूजा की। दिनोद रोड लाइनपार दुर्गा माता मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर माता के दर्शन किए। वहीं अखंड आस्था के दीप जले। माता मंदिर में नवरात्र के दौरान लगातार नौ दिनों तक माता के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाएगी। भक्तों के लिए भी अखंड ज्योति जलाने की व्यवस्था कराई गई।
शहर के देवसर पहाड़ी माता मंदिर में भी पहले नवरात्र पर सैकड़ों श्रद्धालुओं का तांता लगा। कई श्रद्धालु तो पैदल ही माता मंदिर में पहुंचे। वहीं नौ दिन तक यहां माता की पूजा होगी वहीं सैकड़ों भक्तों द्वारा अखंड ज्योति भी जलाई गई। देवसर पहाड़ी माता में सप्तमी, अष्टमी व नवमी पर विशेष मेले का भी आयोजन होगा। इसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। इसके लिए माता मंदिर कमेटी व जिला प्रशासन की तरफ से भी विशेष व्यवस्थाएं कराई गई हैं। इसी तरह नया बाजार स्थित भोजावाली देवी माता मंदिर में भी पहले नवरात्र पर माता के जयकारे गूंजे वहीं आस्था के दीप जलाए गए। भोजावाली देवी माता मंदिर में भी मंदिर कमेटी द्वारा नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई। वहीं मंदिर में कतारबद्ध होकर श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। मंगलवार को माता के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा की जाएगी।