भिवानी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लोहारू स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य शुरू हो गया है। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में लगभग 16.27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विकास कार्य पूरा होने पर स्टेशन हेरिटेज लुक में नजर आएगा। साथ ही, स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ने से यात्रियों को फायदा मिलेगा।
योजना के स्टेशन बिल्डिंग के साथ-साथ स्टेशन की ओर आने-जाने वाले मार्ग में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग प्रावधान का कार्य, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया में सौंदर्य करण, दोपहिया, चौपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग सुविधा, बुकिंग ऑफिस रिटायरिंग रूम में सुधार, नए टॉयलेट ब्लॉक्स का कार्य किया जाएगा।
स्टेशन की दीवारों पर बनाई जाएंगी कलाकृतियां
लगभग 16.27 करोड़ की लागत से होने वाले पुनर्विकास कार्यों में लोहारू रेलवे स्टेशन पर सौंदर्य वर्धन के लिए एलईडी लाइटिंग और दीवारों पर कलाकृतियां बनाई जाएंगी। सभी सुविधाओं का दिव्यांगजनों तक पहुंच बनाने के लिए उपयुक्त साइनेज भी लगाया जाएगा। स्टेशन पर लाइट व्यवस्था में सुधार के साथ हरित ऊर्जा उत्पादन के लिए सोलर प्लांट भी लगाया जाएगा। इसके अलावा यात्री सूचना प्रणाली में कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्पले बोर्ड्स, सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलईडी स्क्रीन और जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ी भी लगाई जाएगी।
12 मीटर चौड़े पैदल पुल पर खर्च होंगे 5.36 करोड़
लोहारू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चौड़ा पैदल पुल भी बनाया जाएगा। इस पर लगभग 5.36 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इससे स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा होने पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं व्यापारियों को भी फायदा मिलेगा। साथ ही, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा एवं लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। स्वच्छ और आधुनिक रेलवे स्टेशन होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। जिससे क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास होगा।