नागरिक अस्पताल में बंद पड़ी लिफ्ट।
भिवानी। नागरिक अस्पताल में पिछले एक साल से लिफ्ट सिस्टम बंद पड़ा है। इस कारण मरीज और तीमारदार पांचवीं मंजिल तक जाने के लिए सीढ़ियों पर हांफते हैं। अस्पताल में लगी सभी पांचों लिफ्ट बंद हैं जबकि तीन को विभाग ने स्थायी रूप से अनुपयोगी घोषित किया है। मरीजों को गोद में उठाकर बेड या उपचार कक्ष तक पहुंचाना पड़ रहा है।
अस्पताल की लिफ्ट करीब चार दशक पुरानी है और अब रखरखाव भी संभव नहीं हो पा रहा। लिफ्ट ठीक कराई जाती है तो थोड़े समय में फिर खराब हो जाती है। आपात विभाग और वार्डों में स्ट्रेचर और व्हील चेयर अक्सर गायब रहती हैं क्योंकि तीमारदार इन्हें वापस नहीं लौटाते। स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों की तैनाती की है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।
राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने दो माह पहले 79 लाख रुपये का सहयोग देने की घोषणा की थी लेकिन प्रशासन अभी तक लिफ्ट सिस्टम को शुरू नहीं कर पाया है। फिलहाल अस्पताल में सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में मरीज अब भी परेशान हैं।
नागरिक अस्पताल में बंद लिफ्ट सिस्टम के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। व्हील चेयर और स्ट्रेचर आपात विभाग और वार्डों में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। लिफ्ट को ठीक करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही इसे दुरुस्त कर दिया जाएगा। -डॉ. बलवान, प्रभारी नागरिक अस्पताल भिवानी