भिवानी में बाइक से खाना लेने जा रहे युवक को तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक की सड़क पर गिरने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चालक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शव का शनिवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया वहीं इस संबंध में मृतक के बड़े भाई की शिकायत पर अज्ञात स्वीफ्ट गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में कलानौर के वार्ड पांच निवासी रमेश ने बताया कि वे दो भाई और एक बहन हैं। उनके माता पिता चलने फिरने में अक्षम हैं। उसका छोटा भाई 29 वर्षीय नरेश भिवानी की ऑटो मार्केट में कलानौर के ही मनीष के पास डीजल पंप सर्विस का काम करता था। शुक्रवार ददेर रात को नरेश और मनीष बाइक से खाना लेने के लिए हालुवास मार्केट के समीप देवीलाल चौक की तरफ जा रहे थे। बाइक मनीष चला रहा था और नरेश पीछे बैठा था।
इसी दौरान लोहारू की तरफ से तेज रफ्तार स्वीफ्ट गाड़ी चालक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिस कारण नरेश बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा। जिसके सिर में गहरी चोटें आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं बाइक चालक मनीष को भी गंभीर चोटें आई। जिसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। शहर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई कमल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बड़े भाई रमेश के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है वहीं इस संबंध में स्वीफ्ट गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। संवाद