तोशाम। अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक मिरान गांव के ग्राम सचिवालय में आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता तहसील प्रधान कर्ण सिंह ने की तथा मंच संचालन सचिव नरेंद्र सिंह डाडम व वित्त सचिव रणधीर सांगवान ने किया।
जिला सचिव मास्टर जगरोशन ने कहा कि डीएपी खाद व यूरिया की भारी किल्लत है क्योंकि बारिश के बाद किसानों को फसल बुवाई के लिए खाद की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि मिरान सोसायटी में खाद लेने गए किसानों को वहां उपलब्धता नहीं मिली। बैंक मैनेजर द्वारा बताया गया कि खाद की मांग उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है और आपूर्ति होते ही उपलब्ध कराई जाएगी। किसानों ने खाद मांग की प्रति भी प्राप्त की।
बैठक में बिजली की हाई टेंशन पावर ग्रिड टावर लाइन के मुआवजे को लेकर भी चर्चा की गई। किसानों ने जमीन का उचित मुआवजा और तारों के नीचे की जमीन का वार्षिक रॉयल्टी दिए जाने की मांग रखी। इसके अलावा कई गांव, शहर और कस्बों में पीने के पानी की समस्या पर भी चिंता जताई गई। किसानों ने कहा कि नहरों में 42 दिनों में पानी आता है जबकि जलघर टैंक और तालाब केवल तीन दिन में खाली हो जाते हैं इसलिए कम से कम एक सप्ताह तक पानी उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मांगों को लेकर 25 जून को अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा के बैनर तले सुबह 11 बजे नेहरू पार्क भिवानी में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया जाएगा। तहसील प्रधान कर्ण सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।