फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जरूरत पर करेंगे युवाओं के आक्रोश का इस्तेमालः टिकैत

विज्ञापन
भिवानी में किसान महापंचायत के समापन पर लोगों का अभिवादन स्वीकारते किसान नेता राकेश टिकैत। संवाद - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
भिवानी। नौजवानों से एक ही चीज चाहिए, ये जो गुस्सा है, गुस्से को त्याग दो। जब जरूरत पड़ेगी, तब इस्तेमाल करेंगे। हाथ उठाकर आश्वासन दो की आपका जितना भी गुस्सा है, वो हमको दे दो। हाथ उठाओ। किसान नेता राकेश टिकैत के इस आह्वान पर युवाओं ने हाथ उठाकर आश्वासन दिया। किसान महापंचायत में कृषि कानूनों के विरोध सरकार पर बरसने के साथ-साथ किसान नेताओं ने युवाओं को संयम रखने, अपने खेत की मिट्टी से जुड़ाव रखने की भी नसीहत दी।
विज्ञापन

कितलाना टोल प्लाजा के पास मैदान में आयोजित किसान महापंचायत में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ इतनी थी कि मैदान पूरा भरा होने के अलावा लोग नेशनल हाईवे के किनारे, आसपास पेड़ों पर, एक मकान की छत पर भी चढ़े थे। किसान नेता राकेश टिकैत दोपहर डेढ़ बजे किसान महापंचायत में पहुंचे। राकेश टिकैत के महापंचायत में पहुंचते ही उमड़ी भीड़ में जोश भर गया। अपने संबोधन में उन्होंने कृषि कानूनों को रद्द करने, 26 जनवरी को किसान ट्रैक्टर रैली में लोगों की गिरफ्तारी पर रोष जताते हुए उन्हें तुरंत रिहा करने, सभी ट्रैक्टर छोड़ने की मांग की। साथ ही युवाओं पर उनका विशेष फोकस रहा। युवाओं को संयम रखने का संदेश देते हुए कहा कि ये समझ लेना, जो नौजवान अपने खेत में जूते पहनकर जाता है, जिसे अपने खेत की मिट्टी से डर लगता है, पशुओं के गोबर से बदबू आती है, उसका पिता समझ ले, वो अपनी जमीन बेचेगा। आज जरूरत है किसान अपने बच्चों को जमीन से जोड़े। अपने घरों में खेत की मिट्टी-पानी रखे। आज जल ने हमारा आंदोलन बचाया है, जल की पूजा करो। पेड़ लगाओ, जिससे बारिश होगी और खेतों में अनाज होगा। आज का युवा छोड़ रहा है और कोल्ड ड्रिंक की ओर जा रहा है, जिससे विभिन्न कंपनियों को फायदा हो रहा है। हमें खेत से जुड़ी चीजें प्रयोग करनी है।
किसान नेता बलबीर राज्यवाल ने कहा कि युवा का जोश और बुजुर्गों का होश साथ रहेगा तो कोई भी लड़ाई जीती जा सकती है। किसान नेता डॉ. दर्शनपाल, गंगाराम श्योराण, सेवानिवृत्त आईजी रणबीर सिंह शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। महापंचायत में विभिन्न खापों के प्रतिनिधि भी पहुंचे। मंच संचालन नर सिंह सांगवान और कामरेड ओमप्रकाश ने किया। विभिन्न राजनीति दलों के नेता खासकर कांग्रेस से अमर सिंह, परमजीत सिंह मड्डू, प्रदीप गुलिया, अभिजीत लाल सिंह, इनेलो से विजय पंचगावा भी समर्थन देने पहुंचे। महापंचायत में कमल सिंह प्रधान, राजू मान, बलबीर बजाड़, सुनील गोलपुरिया, सेवानिवृत्त कमिश्नर सुरेश कुमार गोयत, सूबेदार राजमल, जय सिंह अहलावत, संतोष दहिया, जगमति सांगवान, डॉ. अशोक धावले, जोगेंद्र शर्मा, रामकरण प्रधान, प्रभुराम हवेली, बलवंत नंबरदार, बलवान एमसी, बिजेंद्र बेरला, मा. शेर, ब्रह्मानंद एडवोकेट सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

कानूनों में सफेद क्या है, ये बताएं
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बयान कोई नहीं बता पाया कानूनों में काला क्या है के सवाल पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि वे बताएं कि इन कानूनों में सफेद क्या है। आगामी रणनीति के बारे में उन्होंने कहा कि हमने दो अक्तूबर तक का समय सरकार को दिया है। जिसके बाद आगामी निर्णय लेंगे। यूपी में रोड जाम नहीं किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां जाम की आड़ में शरारत हो सकती है, इस कारण वहां आंदोलन वापस लेना पड़ा। कांग्रेस समर्थित होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बाहर से आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन हो सकता है, अंदर से कुछ नहीं है।
राकेश टिकैत के भाषण के बाद बिगड़ी व्यवस्था, सेल्फी लेने वालों की उमड़ी भीड़
किसान नेता राकेश टिकैत का भाषण खत्म होते ही व्यवस्था बिगड़ गई और हड़कंप मच गया। राकेश टिकैत भी मंच के पिछले हिस्से कूदकर खेतों में गए। युवाओं ने वहां भी नहीं छोड़ा और सेल्फी लेने वालों की भीड़ रही। जमकर धक्का-मुक्की रही।
17 किलोमीटर गाड़ी में ऊपर खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते निकले राकेश टिकैत
महापंचायत मंच के बाद किसान नेता ने गाड़ी पर खड़े होकर लोगों का अभिवादन किया। कितलाना टोल से उनका काफिला भिवानी होते हुए निकला और इसे दौरान वे गाड़ी के ऊपर बैठकर हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते रहे। 17 किलोमीटर तक वे लोगों का अभिवादन करते हुए निकले।
नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था बनाते नजर आए डीएसपी हेडक्वार्टर
महापंचायत खत्म होते ही अव्यवस्था फैल गई और खासी संख्या में लोग नेशनल हाईवे पर उमड़ पड़े। जिस कारण रास्ता भी प्रभावित हुए। ऐसे में डीएसपी हेडक्वार्टर वीरेंद्र सिंह ने स्वयं मोर्चा संभाला और लोगों को एक तरफ करते हुए वाहन निकालते रहे।
ऊंट का डांस, बकरी की अठखेलियां देखने उमड़ी भीड़
किसान महापंचायत के बाद सड़क किनारे कुछ लोगों ने ऊंट का डांस और बकरी की अठखेलियां दिखाई। जिन्हें देखने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नेशनल हाईवे पर भीड़ बढ़ी तो अव्यवस्था फैल गई। जिस पर पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को एक किनारे कर वाहनों को निकाला।

भिवानी में किसान महापंचायत में हरियाणवी गीत सुनातीं महिलाएं। संवाद- फोटो : Bhiwani

कितलाना टोल स्थित महापंचायत में ट्रैक्टर पर हल लगाकर जाते किसान। संवाद- फोटो : Bhiwani

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें