भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस की फूट की वजह से तोशाम में भाजपा प्रत्याशी को फायदा हुआ माना जा रहा है। वहीं, लोहारू से भाजपा के विधायक जयप्रकाश दलाल प्रदेश में वित्त मंत्री हैं। लेकिन, मंत्री के गढ़ में कांग्रेस बढ़त बनाने में सफल रही।
लोकसभा चुनाव में कई दिग्गज नेताओं के गढ़ में पार्टी के प्रत्याशी ही पिछड़ गए। भिवानी जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। इनमें तोशाम कांग्रेस नेता किरण चौधरी व पूर्व मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल का गढ़ माना जाता है, जबकि लोहारू से भाजपा के विधायक जयप्रकाश दलाल प्रदेश में वित्त मंत्री हैं। कांग्रेस की महिला नेता किरण चौधरी के गढ़ में भाजपा सेंध लगाने में सफल रही, जबकि वित्त मंत्री के गढ़ में कांग्रेस बढ़त बनाने में सफल रही।
विज्ञापन
भाजपा प्रत्याशी चौधरी धर्मबीर सिंह को लोहारू से 63, 890 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह को 72, 209 वोट मिले। भाजपा को यहां 8319 मतों से पिछड़ना पड़ा। जबकि लोहारू विधानसभा में सबसे अधिक मतदान हुआ था। अधिक मतदान का नुकसान भाजपा के प्रत्याशी को ही माना जा रहा था, नतीजों ने ये साबित भी कर दिया। इसी तरह तोशाम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता किरण चौधरी विधायक हैं। ये किरण का गढ़ भी है। यहां से भाजपा के प्रत्याशी ने सेंधमारी की है। तोशाम से भाजपा प्रत्याशी चौ. धर्मबीर सिंह को 73 187 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी राव दान सिंह को 65,124 वोट मिले। तोशाम से भाजपा प्रत्याशी को आठ हजार 63 वोटों की बढ़त मिली है।
कांग्रेस की फूट की वजह से तोशाम में भाजपा प्रत्याशी को फायदा हुआ माना जा रहा है। वहीं, अब कांग्रेस की आपसी गुटबाजी चुनाव के समय अधिक मुखर हो गई थी। इसके पार्टी हाईकमान में भी इसका नकारात्मक संदेश गया है, जिसका किरण को नुकसान हो सकता है। वहीं, भाजपा भी अब अपने ही मंत्री के गढ़ में भाजपा प्रत्याशी के पिछड़ने की वजह की समीक्षा करेगी। हालांकि लोहारू में किसान संगठनों के साथ हुड्डा गुट के कई सक्रिय नेताओं की वजह से भी कांग्रेस के खाते में अधिक वोट गया माना जा रहा है।