श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर कलश यात्रा निकालते श्रद्धालु।
भिवानी। शिव शक्ति सनातन धर्म चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा कीर्ति नगर में मंगेज भवन में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ रविवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
ट्रस्ट के प्रधान प्रदीप कुमार और आयोजक चंदा गुप्ता ने बताया कि कलश यात्रा स्वास्थ्य विभाग शिव मंदिर, विद्या नगर से शुरू होकर कथा स्थल मंगेज भवन में समाप्त हुई। इस दौरान 44 महिलाओं ने अपने सिर पर कलश रखकर यात्रा में भाग लिया। कथा का वाचन दोपहर 2 बजे से शुरू होगा और यह धार्मिक आयोजन 13 सितंबर तक चलेगा। कथा के प्रमुख वाचक पंडित ऋषि राम दीक्षित हैं, जो श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से जीवन के मूल्यों और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देंगे।
कथा के पहले दिन पंडित ऋषि राम दीक्षित ने कथा के महत्व से श्रद्धालुओं को अवगत कराया, जिससे उनमें उत्साह का संचार हुआ। 14 सितंबर को सुबह 8 बजे एक विशेष हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर त्रिलोक महता, ओमपति देवी, माया मुदगिल, विमला परमार और विकास घणघस भी मौजूद रहे।