शहर के बिजली उपभोक्ताओं को जून माह तक बिजली किल्लत झेलनी पड़ेगी। अगले माह के प्रथम सप्ताह में ही मेंटनेंस वर्क के साथ सभी बिजली फीडरों की खामियों को दूर कर दिया जाएगा। फिलहाल लगातार बढ़े बिजली फॉल्ट के ग्राफ को देखते हुए कंप्लेंड सेंटरों (उपभोक्ता शिकायत निवारण केंद्र) की संख्या बढ़ाने व हेल्प लाइन नंबर की सेवाओं में विस्तार की प्लानिंग तैयार की गई है।
ये जानकारी बिजली निगम के एसडीओ विक्रम सिंह परमार ने दी। उन्होंने बताया कि केवल शहर के लिए एक साधन संपन्न एफआरटी (फॉल्ट रिमूविंग टीम) का भी गठन किया गया। निगम अधिकारियों का दावा है कि सभी फीडरों की खामियों को दूर करने का खाका तैयार किया जा चुका है और एक महीने के अंदर इन खामियों को दूर कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार पिछले करीब दो माह से शहरभर में गहराए बिजली संकट से जनता के साथ निगम के अधिकारी भी परेशान है। बिजली फॉल्ट संबंधी सवा सौ से अधिक शिकायतें प्रतिदिन सुविधा केंद्रों पर पहुंच रही हैं। यहां तक की शिकायतों के निवारण के लिए बनाए गए शिकायत केंद्र व फॉल्ट ठीक करने वाले टीमें भी अब कम पड़ने लगी हैं।
इसलिए निगम के अधिकारियों ने एक अतिरिक्त बिजली सुविधा केंद्र खोलने की योजना तैयार की है। संभवत: ये पहला मौका होगा जब शहरवासियों की बिजली संबंधित शिकायत के निवारण के लिए पांच बिजली सुविधा केंद्र एक साथ खुलेंगे। हालांकि यह पांचवां बिजली सुविधा केंद्र महज दो माह के लिए खोला जाएगा। वहीं निगम की टीमों फीडर पर पोल-टू-पोल पेट्रोलिंग का कार्य भी शुक्रवार को पूरा हो गया। निगम ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सर्दियों में शहर की प्रतिदिन बिजली खपत तीन लाख यूनिट थी तो अब यह बढ़कर सवा चार लाख के पार जाने की संभावना है। फिलहाल जो निगम को बिजली सप्लाई मिल रही है वो सरकार के लाइन लॉस रिडेक्शन फार्मूले के आधार पर मिल रहा है और इसी तर्ज पर निगम के स्थानीय अधिकारी इसे उपभोक्ताओं तक पहुंचा रहे हैं।
वहीं, शहर में इस समय लाइन लोस 45 प्रतिशत से अधिक है। एक फीडर पर तो लाइन लोस 50 प्रतिशत से अधिक है जबकि नौ फीडर में से दो ऐसे हैं जहां 20 प्रतिशत से भी लाइन लोस कम है। फिलहाल इन दोनों फीडरों को 24 घंटे बिजली सप्लाई मिल रही है। वहीं, 50 प्रतिशत से अधिक लाइन लोस वाले फीडर पर दिनभर में आठ घंटे के पावर कट लगाए जा रहे हैं। इनके अलावा फॉल्ट आने पर तो इन फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं की हालत पतली हो जाती है। शहर में कई जगह बिजली पोल की या तो कमी है या फिर वो कंडम हाल में पड़े हैं।
इनके अलावा तारें भी खस्ताहाल में है वो लाल ट्रांसफार्मरों के प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए करोड़ों की कीमत से बिछाई गई मोटी केबल भी पंक्चर पड़ी हुई है। इससे पूरे शहर में ही कही न कही फॉल्ट आया रहता है। फॉल्टों के साथ-साथ निगम के पेट्रोलिंग कार्य के चलते लगने वाले पावर कटों ने बिजली आपूर्ति के इंतजार को और बढ़ा दिया था। निगम अधिकारियों की ही मानें तो पिछले करीब एक माह से एकसाथ सभी फीडरों में बिजली सप्लाई एकसाथ नहीं छोड़ी गई। इसका कारण फॉल्ट आना या फिर सरकार के लाइन लोस रिडेक्शन फार्मूले के तहत फीडर वाइज लगाए गए पावर कट थे।
निगम सूत्रों की मानें तो सप्ताह में एक दिन तो इन फीडरों पर 24 घंटे में से पांच से छह घंटे ही करंट दौड़ता है। निगम अधिकारियों ने भी पिछले कुछ दिनों में बिजली फॉल्ट में हुए इजाफे को देखते हुए सुविधा केंद्रों की संख्या चार से बढ़ाकर पांच करने की प्लानिंग तैयार कर ली है। सोमवार से यह सुविधा उपभोक्ताओं को मिलनी शुरू हो जाएगी। निगम ने फिलहाल शहर के घिकाड़ा रोड, हीरा चौक क्षेत्र व रेलवे रोड पर उपभोक्ता शिकायत निवारण केंद्र शुरू कर रखे हैं। अब विभागीय अध्िकारी शहर के मुखं्य बिजली स्टेशन में पांचवां उपभोक्ता शिकायत निवारण केंद्र शुरू करने जा रही है। बाकी चारों शिकायत निवारण केंद्र दो माह के लिए ही बनाए गए इस सुविधा केंद्र पर तैनात मुख्य टीम के नीचे काम करेगी। विकट स्थिति या बड़ा फॉल्ट आने पर सबसे पहले यह टीम वहां पूरे सामान के साथ पहुंचेगी।
निगम ने दो हेल्पलाइन नंबर किए जारी
कंप्लेंड सेंटरों की संख्या बढ़ाते ही निगम ने हेल्पलाइन नंबर की सेवाओं में भी विस्तार कर दिया है। पहले उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 9992334168 एकमात्र हेल्पलाइन नंबर ही जारी था, लेकिन अब निगम ने 9992012970 एक और हेल्प लाइन नंबर जारी किया है। ये दोनों नंबर 24 घंटे ऑन रहेंगे। अगर नंबर स्विच ऑफ आता है तो इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को भी दे सकते हैं। अधिकारियों का दावा है कि कर्मचारी का फॉल्ट मिलने पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जून के पहले सप्ताह में बिजली किल्लत होगी दूर
पिछले करीब दो माह से शहर के सभी नौ फीडरों पर पेट्रोलिंग का काम चल रहा था। इस दौरान निगम फीडर की खामियों व जरूरतों की रिपोर्ट तैयार कर कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों को सौंप दिया। निगम अधिकारियों ने बताया कि यह रिपोर्ट शुक्रवार को ही उनके पास पहुंची है और इनके एस्टीमेट भी तैयार किए जा चुके हैं। अब इन्हें स्वीकृति के लिए हैड ऑफिस भेजने की तैयारियां चल रही है। अधिकारियों का मानना है कि मई माह के अंत तक यह काम पूरा हो जाएगा और जून के प्रथम सप्ताह में ही पूरे शहर को बिजली किल्लत से निजात दिलाया जाएगा।
साधन संपन्न होगी निगम की नई एफआरटी
विभाग के अधिकारियों की मानें तो हाल-फिलहाल सवा सौ के करीब शिकायतें प्रतिदिन पहुंच रही हैं। इन शिकायतों के निवारण के लिए गठित की गई टीमों में मैन पॉवर व अन्य स्त्रोत कम पड़ रहे हैं। इन्हीं खामियों को ख्याल कर अब निगम अधिकारियों ने स्पेशल एफआरटी (फॉल्ट रिमूविंग टीम) गठित की है। इस टीम में जेई, फोरमैन सहित तीन अन्य कर्मचारी होंगे। इनके अलावा इस टीम के पास एक गाड़ी व स्टोर से किसी भी समय सामान ले जाने की छूट होगी। टीम 26 घंटे तैनात रहेगी और तीन शिफ्टों में अलग-अलग कर्मचारी यहां अपनी ड्यूटी देंगे।
अतिरिक्त शिकायत निवारण केंद्र दिलाएगा कुछ निजात
--शहरवासी अजय ने बताया विभाग द्वारा नया शिकायत केंद्र खोलने से लोगों की मुश्किलें कुछ हद तक कम होगी। हेल्प लाइन सेवाओं में विस्तार करना अच्दा फैसला है।
--शहरवासी अश्वनी ने बताया कि गर्मी के कारण लगातार फॉल्ट आ रहे हैं। फॉल्ट रिमूविंग टीम के पास सुविधाएं होने से निगम के कर्मचारी इन्हें दुरुस्त करने में लेट लतीफी नहीं कर सकेंगे।
--शहरवासी रमेश ने बताया कि नया हेल्प लाइन नंबर जारी होने से जनता को सुविधा मिलेगी। पहले एक ही नंबर होने के कारण यह व्यस्त चलता रहता था और कंप्लेंड देने के लिए इंतजार करना पड़ता था।
--नितिन ने बताया कि इन दिनों उनके वार्ड मे तो बिजली की भारी किल्लत है। आए दिन कही न कही फॉल्ट आया रहता है। रात के समय फॉल्ट दूर करने कभी कर्मचारी पहुंचते ही नहीं। हो सकता है अब कुछ सुधार हो जाए।
वर्जन::
लगातार बढ़ रही शिकायतों को देखते हुए अतिरिक्त उपभोक्ता निवारण केंद्र खोला जाएगा। शहरी उपभोक्ता अब 9992334168 व 9992012970 दो हेल्प लाइन नंबरों पर अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। एफआरटी के पास बिजली फॉल्ट को दूर करने के सभी साधन होंगे।
विक्रम सिंह परमार, एसडीओ बिजली निगम