हांसी गेट चौक पर टूटी पड़ी डिवाइडर की रेलिंग।
भिवानी। शहर के हांसी गेट चौक के समीप एक बार फिर डिवाइडर की रेलिंग टूटकर गिर गई है। जिससे वाहन चालकों के साथ हादसे का अंदेशा बना है। हालांकि दूसरी बार इसी हिस्से की रेलिंग टूटकर सड़क पर गिरी है। रेलिंग के नुकीले हिस्से सड़क पर पड़े होने की वजह से वाहन चालकों के साथ हादसा हो सकता है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने कुछ दिन पहले ही इस हिस्से की रेलिंग को ठीक कराया था।
बता दें कि नगर परिषद की ओर से शहर के डिवाइडरों पर सुंदरीकरण के लिए पौधे लगाए जा रहे हैं। पौधे रोपित करने से पहले नगर परिषद कर्मचारियों ने जेसीबी से गड्ढा खोदाई कराई थी। इसी दौरान लोहे की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि गड्ढा खोदने से पहले नगर परिषद ने डिवाइडर को पहले वाली स्थिति में लाने का वायदा भी किया था, मगर अपना काम समेटने के बाद नगर परिषद ने डिवाइडर को अपने हाल पर ही छोड़ दिया। जिसके बाद अब लोहे की रेलिंग टूटकर बिखर रही हैं।
शहर के डिवाइडरों के बीच नगर परिषद ने पौधरोपण की अनुमति मांगी थी। इस कार्य के बाद जिन हिस्सों में डिवाइडर क्षतिग्रस्त होंगे उन्हें दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों ने ली थी। हांसी गेट पर इसी कार्य की वजह से रेलिंग क्षतिग्रस्त हुई है। फिलहाल इसे ठीक कराया गया है।
-सोनू हुड्डा, कनिष्ठ अभियंता, पीडब्ल्यूडी विभाग।