भिवानी। एडीसी हर्षित कुमार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के सत्यापन का कार्य जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। एडीसी ने कहा के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से योजना के ऑनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों का 15 दिनों के अंदर-अंदर सत्यापन किया जाए।
एडीसी हर्षित कुमार शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित वीसी हाॅल सभागार में बैठक की समीक्षा कर रहे थे। बैठक से पहले विभाग के निदेशक की अध्यक्षता में डॉ. भीमराव आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना की वेरिफिकेशन को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जरूरी निर्देश दिए। वीसी के बाद एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को मकान की मरम्मत के लिए 80,000 रुपये की राशि दी जाती है व सरल पोर्टल के माध्यम से लोगों ने आवेदन किया है। इनकी वेरिफिकेशन के बाद पात्र व्यक्ति को योजना के अंतर्गत राशि दी जानी है। इस वेरिफिकेशन के कार्य को अब एसडीएम, बीडीपीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार द्वारा किया जाना है। इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र व्यक्ति की वार्षिक आय एक लाख अस्सी हजार रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इन सभी मानकों पूरे करने वाले आवेदक को ही इस योजना का लाभ दिलाया जा सकेगा।