भिवानी। युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में 25 फरवरी से 9 दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत की गई थी। इसके तहत रोजाना विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक संदेश आमजन को दिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को हनुमान ढाणी स्थित हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम में बिजली बचाओ-जल बचाओ संकल्प कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता रणबीर सिंह ने शिरकत की तथा अध्यक्षता मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने की। महंत चरणदास ने कहा कि आज प्रत्येक जन बिजली व पानी के संकट से जूझ रहा है और यह सब बिजली व पानी के व्यर्थ प्रयोग के कारण हुआ है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि बिजली व जल का इस्तेमाल जितना जरूरी हो, उतना ही करे।
अधीक्षक अभियंता रणबीर सिंह ने कहा कि सरकार बिजली और पानी बचाने के लिए अनेकों अभियान चला जागरूक कर रही है। आमजन बिजली व जल संकट से अनजान है तथा इन अभियान को चलाने के उद्देश्य को गंभीरता से नहीं ले रहें। बिजली बचाओ-जल बचाओ अभियान सिर्फ नारों में नहीं, व्यवहार में भी अपनाना होगा, तभी इन अभियान की सार्थकता सिद्ध हो पाएगी। भाजपा स्वच्छता विभाग के जिला संयोजक रमेश सैनी व पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार ने कहा कि जल ही जीवन है। भविष्य के लिए जल को बचाए रखने के लिए हमें आज से ही पानी को व्यर्थ बहने से रोकना होगा। इस मौके पर ध्यानदास महाराज, दलबीर नंद, पर्यावरण प्रहरी विजय सिहंमार, मास्टर सतीश, बबलू जांगड़ा, मोनिया सैनी, सतीश शर्मा मुख्याध्यापक, सुशीला हिन्दी प्राध्यापिका, सुषमा जीव विज्ञान प्राध्यापिका मौजूद रहे।